हरभजन हत्याकांड: यमुनानगर में शूटरों के मददगारों को मुठभेड़ में लगी गोली, कार में GPS चिप लगाने वाले भी पकड़े गए
यमुनानगर में ट्रांसपोर्टर हरभजन सिंह हत्याकांड में शूटरों की मदद करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया, जिनकी टांग में गोली लगी है।

मुठभेड़ में शूटरों के मददगार दो बदमाशों को लगी गोली।
HighLights
मुठभेड़ में शूटरों के दो मददगार बदमाशों को गोली लगी
जीपीएस चिप लगाने वाले दो युवक पुलिस हिरासत में
गिरफ्तार बदमाश शुभम पंडित गिरोह से जुड़े हैं
जागरण संवाददाता, यमुनानगर। मॉडल टाउन में जिम के बाहर ट्रांसपोर्टर प्रेमनगर निवासी हरभजन सिंह (62) हत्याकांड में शूटरों की मदद करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने वीरवार देर सायं मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों बदमाशों की टांग में गोली लगी है। मुठभेड़ महलांवाली गांव के पास हुई।
बदमाशों की पहचान कुरुक्षेत्र की कंग कालोनी के 20 वर्षीय राकेश कुमार और 18 वर्षीय हरियापुर निवासी आर्यन के रूप में हुई है। दोनों बदमाशों को अस्पताल में दाखिल कराया गया है। बदमाशों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित है। वहीं, पुलिस ने कुरुक्षेत्र के डेरा अमीन निवासी विशाल व एक अन्य युवक को भी हिरासत में लिया हुआ है।

अब तक की जांच में सामने आया कि राकेश और आर्यन ने शूटरों को कुरुक्षेत्र में होटल में कमरा किराये पर दिलाया था। इतना ही नहीं उन्हें हथियार उपलब्ध कराने से लेकर कई तरह से मदद की थी। इस वारदात के बारे में उन दोनों को पूरी जानकारी थी। जिसके बाद से ही पुलिस की टीमें उनकी तलाश लगी हुई थी।

वीरवार की शाम को सूचना मिली थी कि राकेश व आर्यन दोनों बाइक पर निकलेंगे। जिसके बाद वीरवार देर सायं सीआईए की टीमों ने पाबनी रोड पर गांव महलांवाली के पास घेराबंदी की। दोनों बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन टीम पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की। जिसमें दोनों की टांग में गोली लगी।
कार में लगाई गई थी चिप
पुलिस सुत्रों के अनुसार, पूछताछ में सामने आया है कि हरभजन सिंह की हत्या करने के लिए उनकी लोकेशन जानने को वारदात से पहले बदमाशों ने उनकी कार में जीपीएस चिप लगाई थी। यह चिप लगाने वालों में विशाल और एक अन्य युवक शामिल था।

जिससे शूटरों को हरभजन की लोकेशन मिलती रही और उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। यह सभी बदमाश शुभम पंडित से जुड़े हैं। अब पुलिस इन बदमाशों का आपराधिक रिकार्ड भी चेक कर रही है।
यह था मामला

गत तीन सितंबर की सुबह मॉडल टाउन में ट्रांसपोर्टर प्रेम नगर निवासी हरभजन सिंह (62) की बाइक सवार दो बदमाशों ने 13 गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। दोनों बदमाश फरार हो गए थे। इसकी जिम्मेदारी बदमाश शुभम पंडित ने इंटरनेट मीडिया में पोस्ट वायरल कर ली थी। शूटरों को पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
