उड़ीसा और झारखंड के 245 कामगारों को भिजवाया गुरुग्राम रेलवे स्टेशन
डीआरओ अभिषेक बीबीयान व डीएसपी हेडक्वार्टर सुभाष चंद की देखरेख में सभी कामगारों की तेजली स्टेडियम में स्क्रीनिग हुई।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
कामगारों को लगातार उनके गृह राज्य भिजवाया जा रहा है। सोमवार को भी उड़ीसा और झारखंड के कामगारों को बसों से गुरूग्राम रेलवे स्टेशन भिजवाया गया। जहां से उन्हें ट्रेनों के जरिए उनके गृह राज्य भेजा जाएगा। डीआरओ अभिषेक बीबीयान और डीएसपी हेडक्वार्टर सुभाष चंद की देखरेख में सभी कामगारों की तेजली स्टेडियम में स्क्रीनिग हुई। यहां से 245 कामगारों को बसों में बिठाकर गुरुग्राम के लिए रवाना किया गया। डीआरओ अभिषेक बीबीयान ने बताया कि जो कामगार अपने गृह राज्य जाना चाहते हैं। उन्हें सुरक्षित भेजने के लिए सरकार की ओर से विशेष प्रबंध किए गए हैं। सभी को कोविड-19 के मापदंडों के तहत स्क्रीनिग करके भेजा जा रहा है। रास्ते के लिए भी इन कामगारों को भोजन, पानी, मास्क व सैनिटाइजर दिया जा रहा है। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता भारत भूषण जुयाल, नायब तहसीलदार ओम प्रकाश, डीएसओ राजेंद्र गुप्ता, पटवारी चेलाराम और चौकी इंचार्ज पारस भी मौजूद रहे।