Move to Jagran APP

पिता को संपत्ति से बेदखल करने पर पोते ने कर दी दादा-दादी की हत्या

साढौरा के बकाला गांव में मंगलवार को पीडब्ल्यूडी से सेवानिवृत्त बेलदार की हत्या कर दी गई।

By JagranEdited By: Published: Thu, 19 Nov 2020 07:08 AM (IST)Updated: Thu, 19 Nov 2020 07:08 AM (IST)
पिता को संपत्ति से बेदखल करने पर पोते ने कर दी दादा-दादी की हत्या
पिता को संपत्ति से बेदखल करने पर पोते ने कर दी दादा-दादी की हत्या

संवाद सहयोगी, साढौरा :

loksabha election banner

साढौरा के बकाला गांव में मंगलवार को पीडब्ल्यूडी से सेवानिवृत्त बेलदार 72 वर्षीय रोशनलाल और उसकी दूसरी पत्नी 50 वर्षीय परमजीत की हत्या को उसके नाबालिग पोते ने ही अंजाम दिया। रोशनलाल ने बेटे को संपत्ति से बेदखल कर दिया था। वह अपने बेटे व पोतों को भी मकान से बाहर निकालने की धमकी दे रहा था। जिस वजह से उसके परिवार के लोग परेशान थे। मंगलवार को 15 वर्षीय नाबालिग पोता घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान रोशनलाल उसे गालियां देने लगा और मकान छोड़ने की धमकी दी। जिस पर उसने घर में पड़ी पलकटी उठाई और अपने बाबा के सिर पर कई वार किए। जिससे उसकी मौत हो गई। शव को देखकर परमजीत ने शोर मचाया, तो किशोर ने उस पर भी वार किया। गर्दन पर पहले ही वार से वह नीचे गिर पड़ी। उसने भी दम तोड़ दिया। वारदात के बाद किशोर छत पर जाकर छिप गया। इस बारे में उसने अपने पिता और भाई को भी नहीं बताया। बुधवार को रोशनलाल व परमजीत के शव का पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक के भाई राम सिंह की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज किया गया। राम सिंह ने बताया कि उसका भाई परिवार से अलग ही रहता था। पहली पत्नी की मौत के बाद उसने परमजीत से शादी की। परिवार से वह मतलब नहीं रखता था। कई बार संपत्ति को लेकर उसका बेटों के साथ विवाद हो चुका था। अब उनको बेदखल कर दिया था। उन्हें मकान से निकलने की भी धमकी दे रहा था। जिन पोतों और बेटे की नहीं ली सुध उन्हीं ने दी मुखाग्नि

रोशनलाल ने जीते जी जिस बेटे और पोतों की कोई सुध नहीं ली। उन्हें संपत्ति तक में कोई हिस्सा नहीं दिया। उसी ने रोशनलाल को मुखाग्नि दी। बेटा रामपाल और पोते तंगहाली में दिन काट रहे थे। लेकिन रोशनलाल ने उनकी कभी मदद नहीं की। बेटा मजदूरी कर परिवार का गुजर बसर कर रहा था। बुधवार को जब शव गांव में पहुंचा, तो एक ही चिता पर दोनों के शवों का संस्कार किया गया। जिन पोतों को वह जीते जी पसंद तक नहीं करता था। मुखाग्नि उन्हीं पोतों ने दी। मृतक रोशनलाल के बड़े बेटे के पुत्र नितेश व छोटे बेटे के पुत्र अभिषेक ने मुखाग्नि दी। संस्कार के दौरान मृतक का बेटा रामपाल व मंझला पोता नहीं पहु़ंच सके। बड़े बेटे की मौत का क्लेम तक रख लिया था

रोशन लाल के बड़े बेटे रमेश की कई वर्ष पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। उसकी सड़क दुर्घटना में मौत का क्लेम भी उसकी पत्नी को मिला था। क्लेम भी रोशनलाल ने ले लिया था। इसके बाद बड़े बेटे की पत्नी को भी परेशान रखने लगा। जिससे वह बच्चे के साथ मायके में चली गई। जिस मकान में पुत्रवधु रहती थी। अब उसमें ही रोशन लाल रह रहा था। जबकि एक मकान में उसका छोटा बेटा रामपाल रह रहा है। रोशनलाल व परमजीत का अप्रैल की वीडियो वायरल

अब रोशनलाल की मौत के बाद उसका सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रही है। यह अप्रैल की है। इसमें वह व परमजीत इंसाफ की गुहार लगा रहा है। उसमें वह परिवार के लोगों पर ही आरोप लगा रहा है कि उस पर हमला किया गया। इसके बावजूद आरोपितों पर कार्रवाई नहीं हुई। उल्टा कुछ ग्रामीणों ने साजिश कर उनका सामाजिक बहिष्कार कर दिया। कुछ माह पहले रोशन लाल ने अपने घर की चारदीवारी को भी ऊंचा कराया और ग्रिल लगवाई थी। उस समय यही कह रहा था कि उसे अपनी जान का खतरा है। जिस परमजीत ने उसे दूसरी शादी की। वह कहां की रहने वाली है। उसका कोई पता नहीं लग सका। न ही गांव व पुलिस के पास उसके बारे में कोई जानकारी लेने पहुंचा। हत्यारोपित को भेजा गया बालसुधार गृह

साढौरा थाना प्रभारी बलबीर सिंह ने बताया कि हत्यारोपित किशोर से वारदात में प्रयोग किया गया हथियार बरामद कर लिया गया। आरोपित को कोर्ट में पेश किया गया। उसको बाल सुधार गृह करनाल भेज दिया गया। संपत्ति विवाद में आरोपित ने इस वारदात को अंजाम दिया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.