कम छात्र संख्या के नाम पर स्कूलों को बंद करने से रोष
हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ की कार्यकारिणी की बैठक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मॉडल टाउन में हुई। इसकी अध्यक्षता जिला प्रधान राकेश धनखड़ ने की।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ की कार्यकारिणी की बैठक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मॉडल टाउन में हुई। इसकी अध्यक्षता जिला प्रधान राकेश धनखड़ ने की। उप महासचिव प्रभु सिंह ने बताया कि प्रदेश में 1016 स्कूलों को कम छात्र संख्या के नाम पर बंद करने का फैसला गलत है। इससे अध्यापक वर्ग में रोष है। इस फैसले के विरोध में जनचेतना जगाने के लिए प्रदेश भर में फरवरी में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। 14 से 29 फरवरी तक खंड स्तर पर प्रदर्शन किए जाएंगे। 15 मार्च को शिक्षा मंत्री के हल्के में प्रदर्शन किया जाएगा।
जिला सचिव जगपाल सिंह ने बताया कि बड़ी संख्या में प्रदेश में अध्यापकों के पद रिक्त पड़े हैं। सरकार को सभी पदों पर स्थाई भर्ती करनी चाहिए। अधिकारियों से प्राचार्य व मुख्य अध्यापकों के पदों को विशेष पदोन्नति अभियान चलाकर पद भरने चाहिए। अध्यापकों से गैर शैक्षणिक कार्य न लिए जाए। मौके पर संजय कुमार, राधेश्याम, प्रीतम बालियान, वीरेंद्र शर्मा, राम नरेश, अमरीक सिंह, जोगेंद्र सिंह, ओम प्रकाश, संजीव, यशपाल व अन्य उपस्थित थे।