नेत्र व देह दान करने वाली सुरेशो देवी इंसा को चार भतीजियों ने दिया कंधा
करहेड़ा खुर्द गांव की सुरेशो देवी इंसा का बृहस्पतिवार को निधन हो गया। डेरा प्रेमी सुरेशो देवी ने मरणोपरांत अपने शरीर को मेडिकल रिसर्च के लिए दान करने की घोषणा की थी।
संवाद सहयोगी, रादौर : करहेड़ा खुर्द गांव की सुरेशो देवी इंसा का बृहस्पतिवार को निधन हो गया। डेरा प्रेमी सुरेशो देवी ने मरणोपरांत अपने शरीर को मेडिकल रिसर्च के लिए दान करने की घोषणा की थी। इसके तहत डेरा प्रेमियों ने उनके शरीर को उनकी इच्छा अनुसार मेडिकल रिसर्च के लिए लेडी हार्डिग मेडिकल कॉलेज दिल्ली को दान किया, जहां मेडिकल के छात्र उनकी देह पर रिसर्च करेंगे। वहीं उनकी आंखें माधव नेत्र बैंक करनाल को दान की गई। जिससे दो जिदगियां दुनियां देख सकेंगी। बेटा-बेटी एक समान मुहिम के तहत सुरेशो इंसा की देह को उसकी भतीजियों काजल, रेणु, रीटा व ममता ने कंधा दिया। शाह सतनाम जी ग्रीन एस के सदस्यों व लोगों ने सुरेशो देवी अमर रहे के नारे लगाए। जिस एंबुलेंस से उनकी मृत देह को मेडिकल कॉलेज भेजा गया उसे फूलों से सजाया गया था। ब्लाक भंगीदास डॉ. कर्मबीर इंसा ने बताया कि मरणोपरांत आंखे दान देने की मुहिम के तहत मृतक सुरेशो इंसा के परिवार ने उसकी आंखें व देह दान की हैं। जिसकी क्षेत्र में काफी सराहना की जा रही हैं। इस अवसर पर शिव कुमार, प्रेमपाल, सुभाष पाहवा, कृष्ण, विक्रम, नसीब, विनोद, पवन, विनोद कुमार, नरेंद्र, शेर सिंह, गुरपाल, उषा, वीना, सत्या, कुंदन लाल, रमेश इंसा, वरुण, विराज, ओमपाल समेत अन्य मौजूद रहे।