महिला प्रत्याशियों ने व्रत रख किया प्रचार, चलती गाड़ी में लगवाई मेहंदी महिला समर्थकों के साथ कथा सुन की पूजा
विधानसभा चुनावी माहौल व व्यस्त दिनचर्या के बीच भी महिला प्रत्याशियों ने पति की लंबी उम्र के लिए करवाचौथ का व्रत रखा। जिले की चार विधानसभाओं में पांच महिला शक्ति चुनावी रण में है। जिनमें से चार विवाहित हैं। प्रचार के दौरान ही इन्होंने समर्थकों के यहां पर पूजा की।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : विधानसभा चुनावी माहौल व व्यस्त दिनचर्या के बीच भी महिला प्रत्याशियों ने पति की लंबी उम्र के लिए करवाचौथ का व्रत रखा। जिले की चार विधानसभाओं में पांच महिला शक्ति चुनावी रण में है। जिनमें से चार विवाहित हैं। प्रचार के दौरान ही इन्होंने समर्थकों के यहां पर पूजा की। मेहंदी भी प्रचार गाड़ी में बैठ कर लगाई, ताकि प्रचार का कार्य प्रभावित न हो। देर शाम घर पहुंचकर चांद देखकर व्रत पूर्ण किया।
रुटीन से भी पहले जल्दी उठे
ये महिला प्रत्याशी कहते हैं रुटीन में पांच बजे बिस्तर छोड़ देती हैं। करवाचौथ व्रत की तैयारी के लिए जल्द बिस्तर छोड़ना पड़ा। दिनभर निर्जल रहकर सभाएं संबोधित की। कई गांवों में पैदल चलना पड़ा। पति की लंबी उम्र के लिए रखे जाने वाले व्रत में थकावट व भूख हावी नहीं हुई।
यमुनानगर विस से कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल चौहान ने बताया कि उनके पति यशपाल सिंह बीएसएफ में अधिकारी हैं। उनका ये 28वां करवाचौथ है। वह दो दिन पहले छुट्टी पर आए हैं। क्योंकि अब प्रचार में व्यस्त हैं। इसलिए सुबह साढ़े चार उठ गई थी। सैर करने गई। जल्दी आकर व्रत की तैयारी की। सात बजे अपने कार्यालय पहुंच गई। कार्यकर्ताओं के साथ मीटिग की। यहां से प्लानिग तैयार कर प्रचार के लिए निकल गई। गाड़ी में बैठे हुए मेहंदी लगवाई। सात गांवों में दौरा करने तक मेहंदी सुख गई। डिबेट में भी भाग लिया। शाम को कैंप एरिया में प्रचार के दौरान महिलाओं के बीच बैठकर कथा सुनी। कथा पूर्ण होते ही फिर से प्रचार में लग गई।
पाबनी में सुनी कथा
साढौरा विस से जेजेपी प्रत्याशी डॉ. शेरवाल का कहना है कि उनके पति अशोक शेरवाल प्रचार में साथ रहते हैं। उनका ये 30वां व्रत है। जनसंपर्क के दौरान उन्होंने पाबनी गांव में कार्यकर्ताओं के साथ व्रत की कथा सुनी। महिलाओं के साथ पूजा की। सुबह आठ बजे कार्यालय से आई गई। एक दिन पहले ही शेड्यूल बना लिया था। उसी हिसाब से प्रचार किया। प्रचार के दौरान उन्होंने मंच से कहा महिलाएं किसी भी क्षेत्र में कम नहीं हैं। वो घर की जिम्मेदारी के साथ राजनीति को भी बखूबी संभाल सकती हैं।
सुबह की व्रत की तैयारी
साढौरा से कांग्रेस प्रत्याशी व जिला परिषद की अध्यक्ष रेणू बाला कहती हैं कि सुबह चार बजे से उठी हैं। व्रत की तैयारी की। सुबह पहले कार्यकर्ताओं के साथ दिनभर की प्लानिग पर चर्चा की। सुबह से प्रचार में लगी हैं। करवाचौथ का व्रत निर्जल रखा जाता है। पूजा भी महिला समर्थकों के साथ की। उनके पति इंजीनियर ऋषिपाल साथ ही प्रचार में लगे हैं। चांद देखकर उन्होंने व्रत खोला।
जग गई थीं चार बजे
साढौरा से इनेलो प्रत्याशी सुषमा चौधरी ने बताया कि व्रत के साथ उन्होंने प्रचार किया। उनका पांचवां करवाचौथ व्रत है। साढ़े चार बजे उठी। पति विनोद के साथ सैर पर गई। सुबह पहले कार्यकर्ताओं के साथ मीटिग की। दिनभर की प्लानिग बनाई। उसके बाद समर्थकों के साथ प्रचार पर निकल गई। दिनभर में 15 गांवों में प्रचार किया। कई जनसभा संबोधित की। शाम को करीब छह बजे घर पहुंच कर पूजा अर्चना की।