विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में गन्ने का भाव बढ़ाने के लिए किसानों का प्रदर्शन, कांग्रेस ने दिया समर्थन; धरने पर पहुंचे हुड्डा समेत कई नेता

Published: Wed, 25 Nov 2026 06:35 AM (IST)

यमुनानगर में किसान गन्ने के भाव में बढ़ोतरी की मांग को लेकर सरस्वती शुगर मिल के यार्ड में धरने पर हैं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह समेत कई नेताओं ने किसानों का समर्थन किया और सरकार की नीतियों की आलोचना की।

हरियाणा में गन्ने का भाव बढ़ाने के लिए किसानों का प्रदर्शन। फोटो जागरण

हरियाणा में गन्ने का भाव बढ़ाने के लिए किसानों का प्रदर्शन। फोटो जागरण

जागरण संवाददाता, यमुनानगर। गन्ने के भाव में बढ़ोतरी की मांग को लेकर किसान सरस्वती शुगर मिल के गन्ना यार्ड में धरने पर डटे हुए हैं। मंगलवार को कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, सह प्रभारी रवि जोशी व विधायक अकरम खान धरना स्थल पर पहुंचे।

प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि गन्ने के भाव में 15 रुपये प्रति क्विंटल की मामूली बढ़ोतरी कर भाजपा सरकार ने किसानों के साथ भद्दा मजाक किया है। यह सरकार पूरी तरह किसान विरोधी साबित हुई है। न किसानों को उनकी फसलों के वाजिब दाम मिल रहे हैं और न ही खाद-बीज समय पर उपलब्ध होते हैं।

कांग्रेस पार्टी ने हमेशा ही किसानों के हित में निर्णय लिए हैं। गन्ने के भाव को लेकर किसानों की लड़ाई मजबूती के साथ लड़ी जाएगी। कांग्रेस पार्टी हर कदम पर किसानों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही कांग्रेस पार्टी विधायक दल की बैठक बुलाकर इस मुद्दे पर चर्चा की जाएगी।

'सरकार के लिए शर्म की बात'

गन्ने के भाव का मुद्दा विधानसभा सत्र में भी उठाया जाएगा। प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि लागत को देखते हुए गन्ने के भाव में बढ़ोतरी जरूरी है। फसल के वाजिब भाव के लिए किसानों को सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। यह मौजूदा सरकार के लिए शर्म की बात है।

धरना स्थल पर दीनबंधु सर छोटूराम की जयंती मनाई गई। भाकियू जिलाध्यक्ष संजू गूंदियाना ने कहा कि गन्ने के भाव में बढ़ोतरी को लेकर शुरू किए आंदोलन को लगातार मजबूती मिल रही है। शुगर मिल के गन्ना यार्ड में दिनरात किसान धरने पर डटे हुए हैं। मौके पर जिला सचिव विक्रांत ससोली, गुरवीर सिंह, जगमाल, पप्पल गूंदियाना, मनदीप रोडछप्पर व अन्य उपस्थित रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।