फेसबुक फ्रेंड ने विदेश भेजने का झांसा देकर ठगे 7 लाख
विदेश भेजने के नाम पर दिल्ली के तिलकनगर के अश्वनी मलिक से सात लाख रुपये ठग लिए गए। आरोप विजय कॉलोनी के एक व्यक्ति पर लगा है। आरोप है कि हांगकांग भेजने के नाम पर उनसे पैसे लिए थे लेकिन बैंकॉक भेज दिया। वहां पर 10-15 दिन तक होटल में रुकना पड़ा। इसके बाद आरोपित ने फोन भी उठाना बंद कर दिया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
विदेश भेजने के नाम पर दिल्ली के तिलकनगर के अश्वनी मलिक से सात लाख रुपये ठग लिए गए। आरोप विजय कॉलोनी के एक व्यक्ति पर लगा है। आरोप है कि हांगकांग भेजने के नाम पर उनसे पैसे लिए थे, लेकिन बैंकॉक भेज दिया। वहां पर 10-15 दिन तक होटल में रुकना पड़ा। इसके बाद आरोपित ने फोन भी उठाना बंद कर दिया। अब पीड़ित की पत्नी डोली की ओर से डीएसपी हेडक्वार्टर सुभाष चंद व यमुनानगर सीएम विडो पर शिकायत दी गई है।
शिकायत में डोली ने बताया कि उनके पति अश्वनी व आरोपित व्यक्ति फेसबुक फ्रेंड थे। दोनों के बीच अक्सर बातचीत होती थी। इस दौरान आरोपित ने अश्विनी को हांगकांग भेजने का झांसा दिया। वहां पर अपने रिश्तेदार के मॉल में एक लाख रुपये प्रतिमाह की नौकरी लगवाने की बात कही। उसकी बातों पर विश्वास कर वह तैयार हो गया। इसके लिए आरोपित साढ़े छह लाख रुपये मांगे। आरोपित ने अलग-अलग तारीख पर उनसे पैसे वसूल लिए और पासपोर्ट व अन्य दस्तावेज भी लेकर गए। छह अगस्त 2019 को अश्वनी के पास फ्लाइट की टिकट भेजी। पासपोर्ट भी आरोपित के पास ही था। आरोपित ने अश्वनी को ऑन अराइवल वीजा व पासपोर्ट दे दिया। जब यह वीजा देखा, तो वह बैंकॉक का निकला। इस बारे में आरोपित से बात की, तो उसने कह दिया कि फ्लाइट पहले बैंकॉक जाएगी, फिर वहां से हांगकांग जाएगी। करीब दस दिन बीत गए। हर रोज आरोपित उनसे बात कर बहाना बनाता रहा। बाद में उसने फोन उठाने से मना कर दिया। किसी तरह से घर फोन कर पैसा मंगवाया और अश्विनी वापस आए। अब आरोपित पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है।