दुबई की कंपनी ने किया सवा करोड़ की धोखाधड़ी, तारकोल के नाम पर भेजा कबाड़
दुबई की एक कंपनी ने यमुनानगर की कंस्ट्रक्शन कंपनी को तारकोल सप्लाई के नाम पर सवा करोड़ रुपये का चूना लगा दिया। तारकोल की जगह कबाड़ भेज दिया।
जेएनएन, यमुनानगर। दुबई की एक कंपनी ने यमुनानगर की कंस्ट्रक्शन कंपनी को धोखाधड़ी देकर सवा करोड़ रुपये का चूना लगा दिया। दुबई कंपनी ने तारकोल की सप्लाई के लिए रकम वसूल ली अौर तारकोल की जगह कबाड़ भेज दिया। पुलिस ने इस संबंध में कंपनी के मालिक सहित चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मां तारा कंस्ट्रक्शन कंपनी के संचालक सुखदेव सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसके साथ दुबई की रेलिश पेट्रोकेमिकल्स कंपनी के संचालकों ने सवा करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है। सुखदेव सिंह ने बताया कि रेलिश पेट्रोकेमिकल्स काफी समय से तारकोल की सप्लाई भारत में करती थी। उसने मई 2018 में कंपनी को सवा करोड़ रुपये के के 500 मीट्रिक टन तारकोल का ऑर्डर दिया था।
सुखदेव सिंह ने बताया कि इसके लिए उसने 21 लाख रुपये एडवांस दिए, जबकि शेष रकम शिप में माल आने पर दी गई। जब माल लेकर यहां पहुंचे और तो उसमें कबाड़ भरा हुआ था। उसने तुरंत कंपनी के अहमदाबाद ऑफिस में कॉल की, लेकिन उसे संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। बाद में कंपनी के संचालकों ने उससे बात करना बंद कर दिया और धमकी देने लगे।
इसके बाद सुखदेव ने एसपी को शिकायत दी। जांच के बाद सिटी थाने में कंपनी के मालिक हितेश मेहता, सेल्स मैनेजर विवेक चंद्रन, लॉजिस्टिक मैनेजर शिब्बी और पार्थ शाह के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ है।