यमुनानगर में डिप्टी CM पात्रों को कार्ड देकर करेंगे आयुष्मान योजना की शुरूआत, दस्तावेजों की हो रही वैरिफिकेशन
हरियाणा के एक लाख 80 हजार रुपये से कम आय वालों को भी योजना में शामिल किया गया है। इससे आर्थिक रूप से तंग परिवारों को चिकित्सीय क्षेत्र में बड़ी राहत मिलेगी। वह पांच लाख रुपये तक का इलाज निश्शुल्क करा सकेंगे।
यमुनानगर, जागरण संवाददाता। यमुनानगर में एक लाख 80 हजार रुपये से कम आय वाले परिवारों को आयुष्मान योजना में शामिल किया गया है। उनके दस्तावेजों की वैरिफिकेशन की जा रही है। 21 नवंबर को इस योजना का शुभारंभ डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला करेंगे। सिविल अस्पताल में कार्यक्रम होगा। जिसमें 100 पात्रों को कार्ड दिए जाएंगे। योजना के शुभारंभ को लेकर स्वास्थ्य विभाग तैयारियों में जुटा है। वहीं इस दिन सीएम मनोहर लाल का भी आनलाइन संदेश सुनाया जाएगा।
राज्य सरकार ने आयुष्मान योजना का दायरा बढ़ाया है। इसमें प्रदेश के एक लाख 80 हजार रुपये से कम आय वालों को भी योजना में शामिल किया गया है। इससे आर्थिक रूप से तंग परिवारों को चिकित्सीय क्षेत्र में बड़ी राहत मिलेगी। वह पांच लाख रुपये तक का इलाज निश्शुल्क करा सकेंगे। राज्य सरकार की इस योजना में शामिल पात्रों की पहचान परिवार पहचान पत्र के जरिए होगी। नाम की जांच कराने के लिए लोगों काे परिवार पहचान पत्र लेकर आना होगा। जिसके आधार पर पात्रता का पता लगेगा। इसके लिए सिविल अस्पताल में हेल्प डेस्क बनाई गई है। जहां पर पात्रों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
अटल सेवा केंद्रों पर भी बनेंगे कार्ड
इस बार आयुष्मान योजना के कार्ड अटल सेवा केंद्रों पर भी बनेंगे। पोर्टल पर अटल सेवा केंद्रों को जोड़ा गया है। नजदीकी अटल सेवा केंद्रों पर भी पात्रता के बारे में पता किया जा सकता है। यहां पर भी परिवार पहचान पत्र दिखाना होगा। योजना के पात्रों के कार्ड अटल सेवा केंद्रों से जनरेट होंगे।
अधिकारी के अनुसार
सिविल सर्जन डा. मनजीत सिंह ने बताया कि आयुष्मान योजना के पात्रों के कार्ड बनाने के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। परिवार पहचान पत्र के जरिए पात्रता के बारे में जानकारी ली जा सकती है। 21 नवंबर को पात्रों को गोल्डन कार्ड दिए जाएंगे। यहां पर उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला कार्यक्रम में पहुंचेंगे। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।