भविष्य को संरक्षित रखना है तो बूंद-बूंद पानी बचाना होगा : दीपक
नगर निगम की ओर से जल शक्ति अभियान के तहत चौधरी देवी लाल आयुर्वेदिक कॉलेज में युवा शक्ति जल बचाओ अभियान का आयोजन किया गया। नगर निगम कार्यकारी अधिकारी दीपक सूरा ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में कार्यकारी अधिकारी दीपक सूरा सीएसआई अनिल नैन व अन्य अधिकारियों ने विद्यार्थियों को जल बचाने के लिए जागरूक किया और उन्हें जल संरक्षण की शपथ दिलाई।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : नगर निगम की ओर से जल शक्ति अभियान के तहत चौधरी देवी लाल आयुर्वेदिक कॉलेज में युवा शक्ति जल बचाओ अभियान का आयोजन किया गया। नगर निगम कार्यकारी अधिकारी दीपक सूरा ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में कार्यकारी अधिकारी दीपक सूरा, सीएसआई अनिल नैन व अन्य अधिकारियों ने विद्यार्थियों को जल बचाने के लिए जागरूक किया और उन्हें जल संरक्षण की शपथ दिलाई।
मुख्य अतिथि कार्यकारी अधिकारी दीपक सूरा ने कहा कि मानव यदि अपने भविष्य को संरक्षित रखना चाहता है, तो जल के बूंद बूंद को बचाना ही होगा। आज हम सभी को जल की बूंद बूंद बचाने की आदत अपने आप में डालनी ही होगी। अगर हम युवाओं के माध्यम से जल संरक्षण करना शुरू कर दें तो इसका असर काफी असरदार होगा। क्योंकि हरेक परिवार में बच्चे व युवा सबसे प्यारे होते हैं और उसके बातों का असर सबसे ज्यादा होता है। उन्होंने युवाओं को जल संचय की विधियों के बारे में अवगत कराया। सीएसआई अनिल नैन ने युवाओं को प्लास्टिक और पोलिथिन के दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी, साथ ही कूड़ा छंटाई व लोगों को अलग अलग कूड़ा देने के बारे में प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यूं तो धरती का तीन चौथाई हिस्सा जल है, पर उसका मात्र डेढ़ प्रतिशत हिस्सा ही पीने योग्य है। इस मौके पर छात्रों को जल अमूल्य क्यों है और इसे संरक्षित करना क्यों जरूरी है, इस बारे विस्तार से बताया गया तथा अपने घर में तथा बाहर कहीं भी जल को व्यर्थ नहीं बहने देने के लिए प्रेरित किया। छात्रों को उन स्थानों के बारे में बताया गया, जहां पर लोग आज पानी की भयंकर समस्या से जूझ रहे हैं। मंगतेश ने कूड़ा से खाद बनाने और कूड़ा निस्तारण के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। मौके पर नगर निगम एसआई अमित, एएसआई कृष्ण कुमार सचिन, सतबीर, विनोद आदि मौजूद रहे।