सहकारी समिति की बस ने एक्टिवा को टक्कर मारी, महिला घायल
जगाधरी स्टेट हाईवे पर चंगनौली गांव के पास सहकारी परिवहन समिति की बस ने सोमवार सुबह एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर से एक्टिवा के पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
संवाद सहयोगी, बिलासपुर : जगाधरी स्टेट हाईवे पर चंगनौली गांव के पास सहकारी परिवहन समिति की बस ने सोमवार सुबह एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर से एक्टिवा के पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बस का पहिया उसके ऊपर चढ़ने से बाल-बाल बच गया नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शहर की जैन चक्की के नजदीक रहने वाले जानू ने बताया कि वह सोमवार सुबह अपनी पत्नी कुसुम के साथ एक्टिवा पर बिलासपुर की तरफ जा रहा था। चंगनौली गांव के नजदीक पहुंचा तो सामने से आ रही सहकारी परिवहन समिति की बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कुसुम सड़क पर गिर गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। टक्कर मारने के बाद आरोपित चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि जिस बस ने टक्कर मारी वह नारायणगढ़ से यमुनानगर जा रही थी। बस के आगे धान काटने वाली कंबाइन मशीन चल रही थी। बस चालक इसे ओवरटेक कर रहा था परंतु उसे जगह नहीं मिल रही थी। चंगनौली गांव के नजदीक ओवरटेक करते हुए चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। उनके अलावा एक बाइक सवार खुद को बचाते हुए सड़क पर गिर गया। उसके हाथों पर चोट आई। वहां से गुजर रहे एक कार चालक महिला को बिलासपुर सीएचसी लेकर गए। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। पीड़ित ने आरोपित बस चालक के खिलाफ थाने शिकायत दी है।