हरियाणा: गन्ने के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर 30 नवंबर को कांग्रेस की ट्रैक्टर यात्रा, DC को सौंपा ज्ञापन
कांग्रेस 30 नवंबर को यमुनानगर में गन्ने का मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर ट्रैक्टर यात्रा निकालेगी। यह यात्रा जगाधरी अनाज मंडी से शुरू होकर जिला सचिवालय पहुंचेगी, जहां राज्यपाल के नाम डीसी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

HighLights
कांग्रेस 30 नवंबर को यमुनानगर में ट्रैक्टर यात्रा निकालेगी
गन्ने का मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन
सुनील दत्त, रणदीप सुरजेवाला यात्रा में होंगे शामिल
जागरण संवाददाता, यमुनानगर। गन्ने का मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर कांग्रेस 30 नवंबर को किसान ट्रैक्टर यात्रा निकालेगी।
यात्रा सुबह 10 बजे जगाधरी अनाज मंडी से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जिला सचिवालय पहुंचेगी। यहां डिप्टी कमिश्नर के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। प्रदेश प्रभारी सुनील दत्त और रणदीप सिंह सुरजेवाला यात्रा में शामिल होंगे। यह जानकारी प्रेसवार्ता में दी गई।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव सतीश तेजली, किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रविंद्र सिंह बबलू समेत अन्य नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने गन्ने के मूल्य के मामले में किसानों के साथ धोखा किया है। खाद, बीज, डीजल, मजदूरी और सिंचाई की लागत बढ़ रही है, जबकि किसानों को फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, रणदीप सिंह सुरजेवाला ने पहले रादौर विधानसभा क्षेत्र के एसडीएम मुख्यालय पर गन्ने का मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था, जिसमें हजारों किसान शामिल हुए। उस समय सरकार को 10 दिन में मूल्य बढ़ाने का अल्टीमेटम दिया गया था। कांग्रेस का आरोप है कि मांग अनसुनी रहने के बाद यात्रा का निर्णय लिया गया।
यात्रा जगाधरी अनाज मंडी के मंडी गेट से कन्या साहिब चौक, मधु होटल चौक, अग्रसेन चौक और जगाधरी बस स्टैंड होते हुए जिला सचिवालय पहुंचेगी।