भाजपा ने खनन के नाम पर किया तीन लाख करोड़ का घोटाला : डॉ. तंवर
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि भाजपा सरकार ने माइनिग के नाम पर तीन लाख करोड़ रुपये से भी ज्यादा का घोटाला किया है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि भाजपा सरकार ने माइनिग के नाम पर तीन लाख करोड़ रुपये से भी ज्यादा का घोटाला किया है। सरकार के मंत्री और इनेलो के विधायकों ने मिलकर यमुनानगर में माइनिग के नाम पर तीन लाख करोड़ रुपये का घोटाला किया है। इसके सबूत कांग्रेस पार्टी ने सरकार को बहुत पहले ही देकर सरकार को चेताने का भी काम किया, लेकिन सरकार ने इस घोटाले के लिए कोई भी जांच कराने की जहमत नहीं उठाई। रविवार को वे जगाधरी क्लब में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पापुलर इंडस्ट्री को तबाह करने का काम भी किया। नोटबंदी हो या फिर जीएसटी इससे उद्योग बर्बाद हुए हैं। लोकसभा चुनाव पर कहा कि अभी उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की। पहले दूसरे राज्यों के प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। हरियाणा के चुनावों के लिए बाद में उम्मीदवारों के नामों पर मंथन कर एलान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार बनेगी तो उद्योग और उद्योगपतियों को उभारने के लिए पैकेज दिए जाएंगे। शुगर मिल के आधुनिकीकरण के नाम पर भी लूट मचाने का भी काम किया है। सरकार में 300 करोड़ रुपये का घोटाला किया। मुख्यमंत्री ने इसकी कोई जांच कराने का आदेश नहीं दिया है। कांग्रेस सरकार बनते ही आयोग का गठन होगा, जिसके जरिये भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान हुए घोटालों की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि पांच साल में बहुत सारी परेशानियों को जहां झेलने का काम किया है। वहीं देश को भी मोदी सरकार ने पीछे धकेलने का काम किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री पर ट्विटर के माध्यम से ट्विट कर आरोप लगाए थे। आरोपों पर भी धन्यवाद का जवाब आया। इस मौके पर भूपेंद्र राणा, राजेश कटारिया, सचिन गुप्ता उपस्थित रहे।