जागरण के मंच पर कॉलोनीवासियों ने प्रत्याशी के सामने निकासी का मुद्दा उठाया
नगर निगम चुनाव के मद्देनजर दैनिक जागरण की ओर से प्रोफेसर कॉलोनी में वार्ड पंचायत का आयोजन करवाया गया। कॉलोनीवासियों ने भाजपा से मेयर प्रत्याशी मदन चौहान को शहर की समस्याओं से अवगत करवाया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : नगर निगम चुनाव के मद्देनजर दैनिक जागरण की ओर से प्रोफेसर कॉलोनी में वार्ड पंचायत का आयोजन करवाया गया। कॉलोनीवासियों ने भाजपा से मेयर प्रत्याशी मदन चौहान को शहर की समस्याओं से अवगत करवाया। किसी ने पानी की निकासी न होने की बात कही तो किसी ने नियमित रूप से सफाई न होने का मुद्दा उठाया। प्रत्याशी मदन चौहान ने कहा कि यमुनानगर जगाधरी के विकास में कसर शेष नहीं छोड़ी है। यदि कोई समस्या है तो उसका भी प्राथमिकता के साथ निवारण किया जाएगा। शहरवासियों को सभी मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। क्योंकि हमारा उद्देश्य शासन करना नहीं बल्कि सेवा करना है। इनसेट
वादाखिलाफी नहीं होगी
कॉलोनीवासियों ने कहा कि चुनाव के दिनों में नेता जनता के बीच में दिखाई देते हैं। वादे भी करते हैं और अच्छी तरह से मिलते भी हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद जनता के बीच में आना मुनासिब नहीं समझते है। जिनके मत से सत्ता में आए, उनकी ही अनदेखी की जाती है। इस पर प्रत्याशी चौहान ने जवाब दिया कि अब ऐसा नहीं होगा। भाजपा पार्टी की ऐसी कल्चर नहीं है। हम अब भी जनता के बीच में हैं और बाद में भी आपके ही बीच में रहेंगे। शहरवासियों के साथ किसी भी तरीके से वादा खिलाफी नहीं होगी। उन सभी दिक्कतों को दूर किया जाएगा जिनको शहरवासी महसूस कर रहे हैं।
शहर में पार्किंग की नहीं व्यवस्था
संदीप का कहना है कि शहर में पार्किंग की व्यवस्था न होना बड़ी समस्या है। सड़कों पर वाहन खड़ा करना पड़ता है। पुलिस चालान कर देती है। वाहन चालक कहां अपना वाहन खड़ा करे? यह बड़ी परेशानी है। यमुनानगर व जगाधरी के भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में पार्किंग की व्यवस्था होनी चाहिए। ताकि बाजार में गए लोग अपना वाहन सुरक्षित खड़ा कर सके।
मूलभूत सुविधाएं जरूरी
मोहन लाल कलसयान का कहना है कि बिजली पानी व सफाई की व्यवस्था दुरुस्त होनी चाहिए। ये सुविधाएं हर नागरिक की जरूरत होती है। शहर में सफाई व्यवस्था लचर है। विशेष अवसरों पर तो सफाई की जाती है, लेकिन सामान्य दिनों में ध्यान नहीं दिया जाता। ऐसा नहीं होना चाहिए। हर व्यक्ति को मूलभूत सुविधाएं दी जानी चाहिए। चौहान ने कहा कि सरकार ने नगर निगम एरिया में सात नए ट्यूबवेल लगाए हैं। कुछ ट्यूबवेल लगाने की प्रक्रिया चल रही है।
जनता की न हो अनदेखी
कृष्णपाल का कहना है कि शहर में बिना भेदभाव के विकास होना चाहिए। किसी भी विशेष क्षेत्र पर मेहरबानी नहीं रहनी चाहिए। क्योंकि सभी की वोट से जन प्रतिनिधि बनते हैं। शहर में यातायात व्यवस्था, निकासी की व्यवस्था व सफाई व्यवस्था पर विशेष रूप से ध्यान दिया जाए। जन प्रतिनिधि को जनता के बीच में रहना चाहिए।
पानी की निकासी बड़ी समस्या
भूषण सैनी का कहना है कि पानी की निकासी क्षेत्र की बड़ी समस्या है। थोड़ी सी बारिश होते ही घरों में पानी जमा हो जाता है। इस समस्या का स्थाई समाधान जरूरी है। पानी की निकासी पर योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाए। आज की आबादी के लिहाज से योजना बनाई जाए। चौहान ने जवाब दिया कि इस योजना पर पहले से काम चल रहा है। पूरे शहर के ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर बनाया जाएगा।