पार्षद पति के डिपो होल्डर पर सीएम फ्लाइंग का छापा, स्टॉक में मिली गड़बड़ी
छोटाबांस में शनिवार की दोपहर को सीएम फ्लाइंग ने पार्षद पति अमनदीप के डिपो पर छापेमारी की। इस छापेमारी से हड़कंप मच गया। आसपास के क्षेत्र के डिपो होल्डर दुकान बंद कर भाग निकले। मौके पर भारी अनियमिताएं मिलीं।
संवाद सहयोगी, रादौर : छोटाबांस में शनिवार की दोपहर को सीएम फ्लाइंग ने पार्षद पति अमनदीप के डिपो पर छापेमारी की। इस छापेमारी से हड़कंप मच गया। आसपास के क्षेत्र के डिपो होल्डर दुकान बंद कर भाग निकले। मौके पर भारी अनियमिताएं मिलीं। खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
सीएम फ्लाइंग से सब इंस्पेक्टर दिनेश कुमार व एएसआइ राजबीर सिंह ने यहां पर छापेमारी की। खाद्य आपूर्ति विभाग से निरीक्षक रोशन लाल सैनी को मौके पर बुलाकर गया। उन्होंने स्टॉक की जांच की। करीब ढाई घंटे तक यह कार्रवाई चलती रही। सब इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि इस डिपो पर राशन वितरण में गड़बड़ी हो रही है। डिपो पर जांच के बाद स्टॉक में पांच क्विटल 22 किलो आटा कम पाया गया। वहीं पांच लीटर सरसों का तेल भी स्टॉक में कम मिला। इसके अलावा 15 किलो नमक स्टाक में अधिक पाया गया। इसकी रिपोर्ट तैयार कर अधिकारियों को भेजी गई है। डिपो होल्डर अमनदीप का कहना है कि वह समाजसेवी है। राशन वितरण में कोई गड़बड़ी नहीं की। गांव के जरूरतमंद लोगों को आटा व अन्य सामान खत्म होकर भिजवाते रहे हैं।
यहां पर कार्रवाई के बाद सीएम फ्लाइंग की टीम गांव अंटावा में पहुंची, लेकिन डिपो होल्डर गायब मिला। बाद में उसे फोन कर बुलाया गया। यहां भी टीम ने स्टॉक की जांच की।