यमुनानगर में कार्तिक स्नान के दौरान नहर में डूबी महिला, 4 दिन बाद मिला शव
यमुनानगर में कार्तिक माह में स्नान करते समय पश्चिम यमुना नहर में डूबी 55 वर्षीय महिला ममता रानी का शव चार दिन बाद बरामद कर लिया गया है।
-1795690679821_m.webp)
कार्तिक माह स्नान करते डूबी 55 वर्षीय ममता रानी की फाइल फोटो।
HighLights
कार्तिक स्नान के दौरान पश्चिम यमुना नहर में डूबी थी महिला।
55 वर्षीय महिला ममता रानी का शव चार दिन बाद मिला।
एसडीआरएफ और गोताखोरों ने पांच किमी दूर शव बरामद किया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर। कार्तिक माह के स्नान के दौरान पश्चिम यमुना नहर में डूबी 55 वर्षीय महिला का शव चार दिन बाद बरामद हुआ है।
एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीमें लगातार नहर में सर्च ऑपरेशन चलाकर महिला की तलाश कर रही थीं। लगभग पांच किमी दूर महिला का शव मिला है।
गोताखोर अमर सिंह ने बताया कि महिला का शव करीब 4 दिन बाद पानी की सतह पर आ गया था। इसी दौरान उनकी नजर शव पर पड़ी और उन्होंने उसे नहर से बाहर निकाल लिया।
अमरपुरी कॉलोनी निवासी 55 वर्षीय ममता रानी रविवार सुबह करीब 4 बजे अपने परिवार के साथ कार्तिक माह में स्नान करने के लिए पश्चिम यमुना नहर पहुंची थी। बाड़ी माजरा पुल के नजदीक नहर की सीढ़ियों से नीचे उतरते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में जा गिरी थी।
मां को डूबता देख उसके बेटे ने हाथ पकड़कर बचाने का प्रयास किया। कुछ दूरी तक मां और बेटा पानी के तेज बहाव में साथ बहते रहे लेकिन आगे मां का हाथ छूट गया था। इसके बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी।