पंजाब प्लाइवुड की फर्मो पर रात भर चला इंकम टैक्स का सर्वे
पंजाब प्लाइवुड की फर्मो व आवासों पर इंकम टैक्स की कार्रवाई रात भर चलती रही। टीम ने फर्म संचालकों के आवासों व फैक्ट्रियों से दस्तावेज जुटाए। सुबह करीब साढ़े 11 बजे उद्यमी शशि गर्ग घर से बाहर आए थे।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
पंजाब प्लाइवुड की फर्मो व आवासों पर इंकम टैक्स की कार्रवाई रात भर चलती रही। टीम ने फर्म संचालकों के आवासों व फैक्ट्रियों से दस्तावेज जुटाए। सुबह करीब साढ़े 11 बजे उद्यमी शशि गर्ग घर से बाहर आए थे। उनका कहना था कि इंकम टैक्स की टीम की कार्रवाई पूरी हो गई है। जांच में उन्होंने पूरा सहयोग किया। टीम में आए अफसरों ने भी कार्रवाई खत्म करने की बात कही। हालांकि छापेमारी के दौरान जांचे गए दस्तावेजों व कार्रवाई के बारे में टीम के अफसरों ने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया।
शुक्रवार की सुबह साढ़े नौ बजे देहरादून से इंकम टैक्स की टीम ने पंजाब प्लाइवुड की फर्मो पर सर्वे शुरू किया। उय्तराखंड समेत यमुनानगर की 13 फर्मो पर यह कार्रवाई हुई। यमुनानगर में पांच जगह टीम ने सर्वे किया। रात भर इंकम टैक्स टीम की कार्रवाई चलती रही। इस दौरान फैक्ट्रियों व आवासों को पूरी तरह से सील कर दिया गया था।
सुबह साढ़े 11 बजे बाहर अफसर
सुबह करीब साढ़े 11 बजे इंकम टैक्स की टीम के दो अफसर बाहर आए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई पूरी हो गई है। इससे अधिक जानकारी वह नहीं दे सकते। जैसे ही आलाधिकारियों के निर्देश मिलेंगे। यहां से टीम वापस लौटेगी। उधर, संयुक्त आयकर आयुक्त लियाकत अली ने बताया कि 13 टीमें सर्वे में लगी हैं।
पंजाब प्लाइवुड फर्मो का उत्तराखंड तक फैला है व्यापार
पंजाब प्लाइवुड फर्मो के संचालकों का उत्तराखंड तक व्यापार फैला है। बताया जा रहा है कि उनकी क्वांटम यूनिवर्सिटी, एलेक्स पैनल फैक्ट्री में भी साझेदारी है। उत्तराखंड के भाजपा नेता अनिल गोयल के साथ उनका साझेदारी में व्यापार है। देहरादून में अनिल गोयल व उनके भाई सुनील गोयल के आवासों व प्रतिष्ठानों पर भी इंकम टैक्स सर्वे हुआ है।
इस वजह से आए रडार पर
सूत्रों के मुताबिक, प्रतिष्ठानों में हुई असल बिक्री के बड़े हिस्से को छिपाया गया है। लांग टर्म कैपिटल गेन (एलटीसीजी) से संबंधित उन पेनी स्टॉक से है। ऐसे अन्य निवेश हैं, जिन्हें आयकर रिटर्न में नहीं दिखाया गया।