दो दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली
मृतक के स्वजनों ने आरोपितों की गिरफ्तारी न होने पर पोस्टमार्टम हाउस पर पुलिस के खिलाफ रोष जताया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
बाल छप्पर सरपंच सतनाम कौर के पति 45 वर्षीय रसपाल सिंह की हत्या करने वाले आरोपित अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई है। वहीं मृतक के स्वजनों ने आरोपितों की गिरफ्तारी न होने पर पोस्टमार्टम हाउस पर पुलिस के खिलाफ रोष जताया। शव को भी उठाने से इंकार कर दिया। बाद में डीएसपी प्रदीप राणा पहुंचे। उन्होंने स्वजनों को समझाया इसके बाद ही स्वजन शव ले और गांव में अंतिम संस्कार किया गया।
मृतक के पिता जगदीश की ओर से पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, उनका लड़का रसपाल कोऑपरेटिव बैंक पाबनी में नौकरी करता था। शुक्रवार को वह अपने बेटे रसपाल सिंह के साथ गांव की लड़कों के प्रैक्टिस करने के लिए ट्रैक बनाने की जगह देखने के लिए गए थे। तभी गांव का ही भगत सिंह व उसका पोता वीरेंद्र सिंह एक्टिवा पर आए। उनके साथ गांव का सुखविद्र उर्फ सुखी व दो अन्य बाइक पर आए। आते ही वह रसपाल से बहस करने लगे। इतने में सुखविद्र उर्फ सुखी ने रसपाल सिंह पर रिवाल्वर से फायर कर दिए। जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। जब वह दौड़े तो पांचों आरोपित मौके से फरार हो गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक उसको सात गोलियां लगीं थीं। पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे पंचायती जमीन से कब्जा हटवाने की रंजिश सामने आई है। थाना छप्पर प्रभारी सतपाल ने बताया कि हत्यारोपितों की तलाश में पुलिस की टीमें लगी हुई हैं।