बहन के पास भाई दूज लेकर जा रहे पुलिसकर्मी की वाहन की टक्कर लगने से मौत
बिलासपुर में अपनी बहन के पास भाई दूज लेकर जा रहे पुलिसकर्मी को गांव सैदूपुर के पास किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया।
संवाद सहयोगी, साढौरा : बिलासपुर में अपनी बहन के पास भाई दूज लेकर जा रहे पुलिसकर्मी को गांव सैदूपुर के पास किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। सीएचसी साढौरा में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे में उसके चाचा का लड़का बाल-बाल बच गया।
जानकारी के अनुसार पंजाब के लालडू के गांव दप्पर निवासी 45 वर्षीय अशोक कुमार इस वक्त अंबाला एसपी कार्यालय की आरडब्ल्यू ब्रांच में बतौर एएसआइ कार्यरत था। अशोक की बहन स्नेहलता बिलासपुर में रहती है। अशोक बृहस्पतिवार शाम बाइक पर चाचा के लड़के के साथ स्नेहलता के घर भाई दूज लेकर जा रहा था। अशोक ने योजना बनाई थी कि वह रात को बहन के घर पर रुकेगा और शुक्रवार सुबह बहन से तिलक करवा कर ड्यूटी पर अंबाला चला जाएगा, लेकिन बहन के घर पहुंचने से पहले ही साढौरा में सैदूपुर गांव के नजदीक देर शाम को अज्ञात वाहन ने उनको सामने से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क से नीचे गिर गए। टक्कर मारने के बाद आरोपित वाहन चालक फरार हो गया। वहां से गुजर रहे लोगों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए साढौरा के सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान अशोक की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।