बीएसएनएल से 105 कर्मचारियों की एक साथ विदाई, सरकार ने दी वीआरएस
बीएसएनएल ने शुक्रवार को वीआरएस (स्वेच्छिक सेवानिवृत्ति स्कीम) का एक नया रिकार्ड बनाया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : बीएसएनएल ने शुक्रवार को वीआरएस (स्वेच्छिक सेवानिवृत्ति स्कीम) का एक नया रिकार्ड बनाया। जिले में शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में लगे बीएसएनएल के करीब 160 में से 105 कर्मचारियों को वीआरएस दे दी। सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के सम्मान में मुख्य टेलीफोन एक्सचेंज में समारोह का आयोजन किया गया। जहां पर बीएसएनएल के डीजीएम अजय छाबड़ा ने कर्मचारियों को फूल माला पहनाने के अलावा शॉल भेंट की। इसके अलावा सभी को बीएसएनएल की तरफ से शिल्ड व एक-एक तुलसी का पौधा भेंट किया गया। सेवानिवृत्ति पर कई कर्मचारी भावुक भी नजर आए। 50 साल से अधिक उम्र पर मिली वीआरएस
लंबे समय से बीएसएनएल वित्तीय संकट से जूझ रहा है। इसलिए बीएसएनएल ने 50 साल से अधिक उम्र वाले कर्मचारियों को वीआरएस देने की घोषणा की थी। इसके लिए आखिरी तारीख 31 जनवरी रखी गई थी। इसी स्कीम के तहत निगम के 105 कर्मचारियों को एक साथ वीआरएस दे दी गई। सम्मान समारोह में निगम कर्मचारियों के अलावा उनके परिजन भी शामिल हुए। डीजीएम अजय छाबड़ा ने कर्मचारियों को उनके उज्ज्वल भविष्य व अच्छे स्वास्थ्य की शुभकामनाएं दी। बीएसएनएल सेवाओं पर पड़ सकता है असर
एक साथ इतने कर्मचारियों के वीआरएस पर भेज देने से बीएसएनएल की सेवाओं पर असर पड़ सकता है। इसका सबसे ज्यादा असर ब्रॉडबैंड सेवा पर पड़ सकता है। क्योंकि लैंडलाइन टेलीफोन कम हो रहे हैं और बीएसएनएल का सबसे ज्यादा इस्तेमाल इंटरनेट के लिए हो रहा है। शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों को चौड़ा करने का काम चल रहा है। काम के दौरान बीएसएनएल की केबल तार काट जाती है। इसके अलावा अन्य कारणों से भी खराबी आती रहती है। इसलिए इन तारों को ठीक करने में अब समय लगेगा। इसका सीधा असर लोगों को दी जाने वाली सर्विस पर पड़ना तय है। अब आउटसोर्सिग पॉलिसी के तहत कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी। सेवाओं पर असर नहीं पड़ने देंगे : डीजीएम
बीएसएनएल डीजीएम अजय छाबड़ा ने बताया कि 105 कर्मचारियों के लिए आज सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। निगम आउटसोर्सिग आधार पर कर्मचारियों की भर्ती करेगा। कुछ कर्मचारी आ चुके हैं। निगम लोगों को दी जा रही सेवाओं में किसी तरह की बाधा नहीं आने दी जाएगी।