टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में आरोपित रेहान की मां का दावा- बेटे को नशीला पदार्थ देकर फंसाया गया
टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में गिरफ्तार आरोपी रेहान की मां ने दावा किया है कि उनके बेटे को नशीला पदार्थ ...और पढ़ें

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई फायरिंग के तार जुड़े हैं सोनीपत से।
HighLights
आरोपी रेहान की मां ने बेटे को फंसाने का दावा किया।
मां के अनुसार, रेहान को नशीला पदार्थ देकर बहकाया गया।
रेहान पहले भी आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार हो चुका है।
डिजिटल डेस्क, सोनीपत। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई फायरिंग के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों में से एक रेहान की मां ने बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि उनके बेटे को किसी ने बहला-फुसलाकर और नशीला पदार्थ देकर इस गलत काम में फंसाया है।
तीन आरोपी राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार
सोमवार को पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को राजस्थान के कोटा में एक ट्रेन से गिरफ्तार किया था। इनमें बिहार के बेगूसराय का रहने वाला ऋतिक उर्फ रोशन और हरियाणा के सोनीपत का रेहान शामिल हैं।
यह घटना मुंबई के जुहू इलाके में घटी, जहां अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार को निशाना बनाकर गोलियां चलाई गईं। फायरिंग में 36 वर्षीय अभिनेता बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर और पास में मौजूद एक राहगीर घायल हो गए।
'20 दिनों से बंद था फोन'
रेहान की मां शमशीदा ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि कुछ दिन पहले एक व्यक्ति गाड़ी से उनके घर आया और उनके बेटे को अपने साथ ले गया। पिछले 20 दिनों से रेहान से परिवार का कोई संपर्क नहीं हो सका था।
फोन करने पर उसका मोबाइल लगातार स्विच ऑफ आ रहा था। शमशीदा को शक है कि रेहान को कोई नशीला पदार्थ पिलाकर ले जाया गया और युवाओं का फायदा उठाने वाले गिरोह ने उसका गलत इस्तेमाल किया।
काम सिखाने और अच्छे पैसों का दिया गया था झांसा
शमशीदा के अनुसार, रेहान अपने परिवार की आर्थिक मदद के लिए गुरुग्राम में वेल्डिंग का काम सीख रहा था। बिहार के एक युवक ने उसे झांसा दिया था कि उसका भाई गुरुग्राम में वेल्डिंग सिखाएगा और उसे इसके बदले अच्छे पैसे भी मिलेंगे। मां ने बेटे को संदेश देते हुए कहा, 'बेटा, तुमने जो किया वह सही नहीं है। तुम्हें कभी किसी के बहकावे में नहीं आना चाहिए।'
पहले भी आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार हो चुका है आरोपी
दूसरी ओर, रेहान के दिहाड़ी मजदूर पिता रईसुद्दीन ने बताया कि 9वीं कक्षा में पढ़ाई छोड़ चुका रेहान पिछले 10 सालों से अपनी मां के साथ देवदू गांव में रह रहा था। कुछ महीने पहले भी रेहान पर 'आर्म्स एक्ट' के तहत मामला दर्ज हुआ था, जिसमें उसकी मां ने जमानत कराई थी।
पिता ने इस तरह की आपराधिक गतिविधियों के लिए रेहान के दोस्त सर्किल को जिम्मेदार ठहराया है। यह पूरी वारदात रविवार शाम को हुई थी, जिसकी तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं। पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
(एजेंसियों के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में नया मोड़, शूटर रेहान की जमानत के लिए अमन ने क्यों कराए 3000 ट्रांसफर? Inside Story
यह भी पढ़ें- दिवाली पर झुलसे तो राम भरोसे जान! सोनीपत के किसी भी सरकारी अस्पताल में नहीं है बर्न यूनिट
