विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्यार, साजिश और अपराध की दास्तान; प्रेमिका के चक्कर में कुणाल ने थामे हथियार, टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में नया खुलासा

Published: Thu, 22 Oct 2026 08:12 PM (IST)Updated: Thu, 22 Oct 2026 08:14 PM (IST)

दिल्ली पुलिस ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले के मामले में हथियार उपलब्ध कराने के आरोप में खरखौदा के कुणाल और सुमित को गिरफ्तार किया है।

कुणाल की मां ने बताया बेटे को निर्दोष।

कुणाल की मां ने बताया बेटे को निर्दोष।

HighLights

  1. टाइगर श्रॉफ हमले में खरखौदा के दो युवक गिरफ्तार।

  2. कुणाल और उसकी प्रेमिका राधा हथियार उपलब्ध कराने में शामिल।

  3. कुणाल पर पहले से ही आपराधिक मामले दर्ज हैं।

संवाद सहयोगी, खरखौदा। अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले के मामले में हथियार उपलब्ध कराने के आरोपों में खरखौदा क्षेत्र के दो युवकों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने रोहणा गांव के कुणाल व मूलरूप से रिठाल, रोहतक के खरखौदा के सुमित को मंगलवार की अल सुबह उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया गया।

मामले में सीतापुर और आजमगढ़ की दो महिलाओं को भी पकड़ा गया है, उनमें से एक राधा कुणाल की प्रेमिका है। राधा और बबीता बहालगढ़ में किराये के कमरे में रहती थी और पैकिंग फैक्ट्री में काम करती थीं। दो महीने पहले ही राधा कुणाल के संपर्क में आई थी।

कुणाल पर दो केस हैं दर्ज

वहीं कुणाल पानीपत में मनी चेंजर के ऑफिस पर अंधाधुंध फायरिंग कर अपराध की दुनिया में उतरा था। उस पर दो केस दर्ज हैं। गांव रोहणा का कुणाल सोमवार को रोडरेज की घटना में बुरी तरह घायल होकर खरखौदा के सरकारी अस्पताल में भर्ती हुआ था। उसे कुछ युवकों ने पीट दिया था और सिर पर चोट मार दी थी।

अस्पताल से उसे पीजीआई रोहतक रेफर किया गया था। वहां से रात को उसे छुट्टी दे दी गई और मंगलवार की सुबह दिल्ली पुलिस उसे गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। वहीं, खरखौदा के सुमित को भी उसके किराये के मकान से गिरफ्तार किया गया है।

माता-पिता करते हैं फैक्ट्री में काम, चार दिसंबर को बहन की शादी

कुणाल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है, एक बड़ी बहन शादीशुदा है और दूसरी बड़ी बहन की चार दिसंबर की शादी है। आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार को संभालने के लिए कुणाल के माता-पिता एक फैक्ट्री में काम करने जाते हैं।

घर पर मिली दादी माया देवी कहती हैं कि पता नहीं किसके बहकावे में कुणाल आ गया, वह तो पोती की शादी की तैयारी कर रहे हैं। माया देवी ने बताया कि मंगलवार की सुबह पुलिस आई तो उन्होंने सोचा, एक दिन पहले के झगड़े को लेकर पुलिस आई है, लेकिन वह तो उसे पकड़कर ही ले गई। अब पता चल रहा है कि कोई बड़ी वारदात हुई है।

सुमित की मां बोली- खाटूश्याम जाने का बोला था

खरखौदा में रहने वाले आरोपित सुमित की मां आशा का कहना है उसके साथियों ने उसे इस मामले में फंसाया है। परिवार किराये के एक कमरे में रहता है और आर्थिक हालत कमजोर है।

आशा ने बताया कि दो बहनों की शादी के बाद हुए कर्ज को उतारने में सहयोग करने के लिए सुमित ने तीन साल पहले नौवीं कक्षा से पढ़ाई छोड़ दी, इसके बाद से ही वह खरखौदा की एक रेडिमेड कपड़े की दुकान पर काम करता है।

14 या 15 अक्टूबर को पड़ोस का एक युवक श्रीखाटूश्याम जाने की बात कहकर उसे घर से ले गया, शाम को करीब चार बजे सुमित वापस लौट आया। मंगलवार को पुलिस आकर उसे अपने साथ ले गई, पूछने पर भी कोई जानकारी नहीं दी।

अब पुलिस उन्हें मुंबई बुला रही है, जबकि उनके पास तो वहां जाने तक के पैसे नहीं है। पड़ोस के कुणाल ने ही उसके बेटे को गलत तरीके से फंसाया है।

कुणाल पर दर्ज हैं दो मुकदमे

रोहणा के आरोपित कुणाल पर दो केस दर्ज हैं, जिसमें खरखौदा थाने में चार जून, 2024 को दर्ज पहले मामले में मारपीट, रास्ता रोकने, धमकी देने की धाराएं शामिल थी, जबकि पानीपत मॉडल टाउन थाने में रंगदारी मांगने को लेकर मनी चेंजर के कार्यालय पर फायरिंग करने का केस दर्ज है।

इसमें लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गे गैंगस्टर रणदीप मान के इशारे पर हमला किया गया था। 15 मई को कुणाल जेल से बाहर आया था, लेकिन आपराधिक गतिविधियों से वह पीछे नहीं हटा और अब उसका टाइगर श्रॉफ पर हमले में हथियार उपलब्ध कराने में नाम आ गया है।

यह भी पढ़ें- ट्रेन से तस्करी कर हमलावर तक पहुंचाए थे हथियार, टाइगर श्रॉफ केस में UP की दो महिला समेत 4 गिरफ्तार