विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारतीय कबड्डी टीम का कप्तान बनने पर सुनील मलिक के गांव भैंसवाल में जश्न, पगड़ी पहनाकर दिया सम्मान

Published: Tue, 01 Sep 2026 06:19 PM (IST)

जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिए सुनील मलिक को भारतीय कबड्डी टीम का कप्तान बनाया गया है। मुख्यमंत्री ...और पढ़ें

खिलाड़ी सुनील मलिक को पगड़ी पहनाकर सम्मानित करते मुख्यमंत्री के ओएसडी गजेंद्र फोगाट साथ हैं अन्य। सौ. सुधी पाठक

खिलाड़ी सुनील मलिक को पगड़ी पहनाकर सम्मानित करते मुख्यमंत्री के ओएसडी गजेंद्र फोगाट साथ हैं अन्य। सौ. सुधी पाठक

HighLights

  1. सुनील मलिक भारतीय कबड्डी टीम के कप्तान नियुक्त

  2. ओएसडी गजेंद्र फोगाट ने भैंसवाल में किया सम्मानित

  3. "नशे से दूरी, खेल जरूरी" का महत्वपूर्ण संदेश दिया

जागरण संवाददाता, सोनीपत। जापान में आयोजित होने वाले आगामी एशियाई खेलों के लिए गांव भैंसवाल के होनहार खिलाड़ी को भारतीय कबड्डी टीम का कप्तान बनाया गया है।

कप्तान चुने गए सुनील मलिक को बधाई एवं शुभकामनाएं देने मुख्यमंत्री के ओएसडी गजेंद्र फोगाट उनके पैतृक गांव भैंसवाल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सुनील मलिक को पारंपरिक पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया और उनकी माता गुड्डी देवी को शाल ओढ़ाकर उनका आशीर्वाद लिया।

ओएसडी ने मलिक खाप के महासचिव अशोक मलिक से भी वीडियो कॉल के जरिए सुनील मलिक को शुभकामनाएं दिलवाईं। कार्यक्रम के दौरान ओएसडी गजेंद्र फोगाट ने प्रदेश सरकार की खेल नीति की जमकर प्रशंसा की।

खिलाड़ियों को प्रोत्साहन दे रही सरकार 

उन्होंने कहा कि नायब सरकार खिलाड़ियों के प्रोत्साहन में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार राशि देने के साथ खेल विभाग में सीधे नौकरी प्रदान करना एक ऐतिहासिक और सराहनीय पहल है।

युवाओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी देश और प्रदेश का भविष्य है। उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।

खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाना निरंतर अभियान

गजेंद्र फोगाट ने कहा कि खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाना केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं को खेलों से जोड़ने का एक निरंतर अभियान है।

पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यकॉल में भी खिलाड़ियों के घर जाकर उन्हें सम्मानित करने की यह परंपरा शुरू की गई थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सुनील मलिक की कप्तानी में भारतीय कबड्डी टीम एशियाई खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन कर देश व प्रदेश का नाम रोशन करेगी।

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक सुशील शास्त्री, सरपंच संदीप मलिक, गुरु भूपेंद्र मलिक, भाई बिजेंद्र व सुमित, संजय मलिक तथा दिनेश शर्मा किलोई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- कौन है भारतीय कबड्डी टीम का नया कप्तान? 11 की उम्र में शुरू किया खेल, हरियाणा के लाल को एशियन गेम्स की कमान