लॉरेंस बिश्नोई गैंग के इशारे पर होनी थी बड़ी वारदात, गोहाना से एसटीएफ ने दो आरोपियों को हथियार के साथ दबोचा
एसटीएफ ने गोहाना में दो युवकों मोहित और साहिल को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। ये युवक गैंगस्टर रणदीप ...और पढ़ें

गोहाना में रणदीप मलिक गैंग के दो गुर्गे अवैध हथियारों संग दबोचे गए।
HighLights
एसटीएफ ने गोहाना से दो युवकों को किया गिरफ्तार।
आरोपी गैंगस्टर रणदीप मलिक और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े।
हथियारों के साथ वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
जागरण संवाददाता, गोहाना। एसटीएफ की टीम ने बिचपड़ी-जागसी रोड स्थित अहमदपुर मोड़ के पास से दो युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। दोनों युवक गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर रणदीप मलिक के संपर्क में थे। वे मलिक के कहने पर किसी वारदात को अंजाम देने के लिए हथियार लेकर वाहन का इंतजार कर रहे थे।
आरोपितों की पहचान पानीपत जिले में गांव सींक के निवासी मोहित उर्फ गांधी और साहिल के रूप में हुई है। बरोदा थाना में केस दर्ज किया गया।
एसटीएफ की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। सूचना मिली कि गैंगस्टर रणदीप मलिक विदेश में बैठकर लारेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर हरियाणा में हत्या और फिरौती जैसी वारदातों से संगठित अपराध को अंजाम दिलवा रहा है। मलिक ने सींक गांव के मोहित और साहिल को अपने साथ जोड़ा हुआ है।
साहिल के पास से दो मैगजीन और चार कारतूस बरामद हुए
दोनों के पास वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से हथियार भेजे गए हैं और वे अहमदपुर मोड़ पर वाहन के इंतजार में खड़े हैं। पुलिस ने दबिश देकर दोनों को काबू किया। तलाशी लेने पर मोहित के पास से एक पिस्तौल और चार कारतूस मिले। वहीं साहिल के पास से दो मैगजीन और चार कारतूस बरामद हुए।
पुलिस पूछताछ में दोनों युवकों ने रणदीप मलिक के माध्यम से लारेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने और उसके कहने पर काम करने की बात कही। हथियार रणदीप मलिक द्वारा भिजवाए गए थे। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है कि वे किस घटना को अंजाम देने की फिराक में थे और कब से गैंग के संपर्क में थे।
