विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'गाड़ी के सभी कागजात होने के बाद भी काटा चालान', सोनीपत में ट्रैफिक पुलिस और वकीलों के बीच विवाद

Published: Sat, 17 Oct 2026 07:31 PM (IST)

सोनीपत जिला न्यायालय परिसर के पास ट्रैफिक पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच विवाद हुआ। अधिवक्ताओं ने पुलिस पर अभद्र व्यवहार ...और पढ़ें

ट्रैफिक पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच विवाद, जागरण।

ट्रैफिक पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच विवाद, जागरण।

HighLights

  1. ट्रैफिक पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच सोनीपत में विवाद।

  2. अधिवक्ताओं ने पुलिस पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया।

  3. पुलिस ने 919 चालान और 32 वाहन जब्त किए।

जागरण संवाददाता, सोनीपत। जिला न्यायालय परिसर के पास ट्रैफिक पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच विवाद का मामला सामने आया है।

अधिवक्ताओ ने ट्रैफिक पुलिस पर अभद्र व्यवहार करने और अधिकारों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दी है। मामले को लेकर अधिवक्ताओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

अधिवक्ताओं का आरोप

अधिवक्ताओं के अनुसार, वाहन चेकिंग के दौरान दस्तावेज मौजूद होने के बावजूद चालान काटा गया। वहीं, बिना नंबर प्लेट चल रही एक कार को नहीं रोके जाने पर भी सवाल खड़े किए गए। आरोप है कि जब कार को रोकने का प्रयास किया गया तो एक अधिवक्ता का हाथ पकड़कर उन्हें कुछ दूरी तक घसीटा गया।

सोनीपत बार एसोसिएशन के प्रधान महेंद्र सैनी ने कहा कि पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच आपसी सम्मान बना रहना जरूरी है। कानून का पालन कराने के साथ-साथ सभी पक्षों के साथ सम्मानजनक व्यवहार भी होना चाहिए।

पुलिस ने 919 चालान, 32 वाहन इंपाउंड किए

पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक चले अभियान में कुल 919 चालान किए गए और 32 वाहनों को इंपाउंड किया गया। कार्रवाई में आम नागरिकों के साथ पुलिस कर्मचारी भी शामिल रहे।

कमिश्नरेट के सभी थानों और यातायात इकाइयों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। इस दौरान प्रतिबंधित ब्लैक फिल्म, बिना नंबर प्लेट, निर्धारित मानकों के विपरीत नंबर प्लेट और पुराने बीएस-III श्रेणी के वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

बिना नंबर प्लेट और गलत नंबर प्लेट पर कार्रवाई

अभियान के दौरान आम नागरिकों के वाहनों के 913 चालान किए गए और 30 वाहन इंपाउंड हुए। इनमें प्रतिबंधित ब्लैक फिल्म लगाने पर 87, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने पर 160 और निर्धारित पैटर्न के अनुरूप नंबर प्लेट नहीं लगाने पर 238 चालान किए गए।

बिना नंबर प्लेट वाले सात और गलत पैटर्न की नंबर प्लेट वाले दो वाहनों को इंपाउंड किया गया। अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर 428 चालान किए गए। पुराने बीएस-III श्रेणी के वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, आम नागरिकों के 21 ऐसे वाहन इंपाउंड किए गए।

पुलिस कर्मचारियों पर भी हुई कार्रवाई

अभियान के दौरान पुलिस कर्मचारियों के भी चालान किए गए। ब्लैक फिल्म के एक, बिना नंबर प्लेट के दो और निर्धारित पैटर्न के अनुरूप नंबर प्लेट नहीं लगाने के तीन चालान किए गए। इसके अलावा बीएस-III श्रेणी के दो वाहन इंपाउंड किए गए। इस प्रकार आम नागरिकों और पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कुल 919 चालान किए गए तथा 32 वाहन इंपाउंड हुए।

नियमों का पालन करने की अपील

सहायक पुलिस आयुक्त ट्रैफिक नरेश अहलावत ने वाहन चालकों से नियमानुसार नंबर प्लेट लगाने, प्रतिबंधित ब्लैक फिल्म का इस्तेमाल नहीं करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने का भी आह्वान किया।

यह भी पढ़ें- सोनीपत को बड़ी राहत: ड्रेनों के सुधार पर 12 करोड़ खर्च करेगा सिंचाई विभाग; दूषित पानी से मिलेगी मुक्ति