सोनीपत में बड़ा हादसा: स्टंटबाजी जान पर पड़ी भारी, मालगाड़ी पर चढ़ा किशोर करंट से झुलसा
सोनीपत रेलवे स्टेशन पर स्टंटबाजी के दौरान एक 16 वर्षीय किशोर मालगाड़ी पर चढ़ते समय करंट लगने से बुरी तरह ...और पढ़ें

करंट से झुलसा किशोर।
HighLights
सोनीपत में मालगाड़ी पर स्टंट करते किशोर को लगा करंट।
16 वर्षीय हर्षित बुरी तरह झुलसा, रोहतक पीजीआई रेफर।
रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर चार पर हुई यह घटना।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। रेलवे स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी पर चढ़कर स्टंट दिखाना राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के एक छात्र की जान पर भारी पड़ गया।
ऊपर से गुजर रही हाईवोल्टेज तार की चपेट में आने से छात्र बुरी तरह झुलस गया। कुछ देर मालगाड़ी की छत पर तड़पता रहा, फिर नीचे आ गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और एंबुलेंस मंगवाकर झुलसे छात्र को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत देखकर पीजीआइ रोहतक रेफर कर दिया। करंट लगने से झुलसे छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है।
फुटओवर ब्रिज की जगह क्यों चढ़ा मालगाड़ी पर?
गांव बसौदी का रहने वाला 16 वर्षीय हर्षित राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग प्रथम वर्ष का छात्र है। बताया जा रहा है कि हर्षित बुधवार सुबह करीब 10:40 अपने कुछ दोस्तों के साथ स्टेशन पहुंचा था।
दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए उसने फुटओवर ब्रिज का इस्तेमाल करने के बजाय स्टंटबाजी करते हुए प्लेटफार्म नंबर-4 पर खड़ी मालगाड़ी के ऊपर से जाने की कोशिश की।
हर्षित जैसे ही मालगाड़ी की बोगी की सीढ़ियों से चढ़कर बीच में पहुंचा, ऊपर से गुजर रही 25 हजार वोल्ट की ओएचई लाइन से उसका सिर टकरा गया।
तड़पने के बाद रेलवे लाइन पर जा गिरा
करंट लगते ही वह बोगी की छत पर गिर पड़ा और कुछ देर तड़पने के बाद नीचे रेलवे लाइन पर जा गिरा। हादसे के बाद उसके दोस्त भाग गए। प्लेटफार्म पर मौजूद लोगों ने तुरंत जीआरपी को सूचना दी।
माैके पर पहुंची जीआरपी ने हर्षित को गंभीर हालत में एंबुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल पहुंचाया। छात्र के पास मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान कर स्वजनों को सूचित किया गया।
सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। स्वजनों के अनुसार हर्षित घर से संस्थान जाने के लिए निकला था, जबकि प्रबंधन का कहना है कि वह बुधवार को संस्थान में नहीं पहुंचा।
रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर सुबह मालगाड़ी की छत पर चढ़ा छात्र करंट लगने से झुलस गया। एंबुलेंस मंगवाकर उसे तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उसकी गंभीर हालत देख पीजीआइ रोहतक रेफर कर दिया। छात्र मालगाड़ी पर क्यों चढ़ा, वह अकेला आया था या उसके साथ अन्य छात्र भी थे, इसकी जांच की जा रही है।
-एएसआई विकास, जांच अधिकारी, जीआरपी
यह भी पढ़ें- सोनीपत में NOC के बिना शुरू हुआ सार्वजनिक शौचालय निर्माण, पीडब्ल्यूडी ने रुकवाया काम
