सोनीपत के स्कूल में 11वीं के छात्र का यौन शोषण, प्रिंसिपल-सरपंच ने पुलिस से क्यों छिपाया मामला?
सोनीपत के एक सरकारी स्कूल में 11वीं कक्षा के छात्र का उसके दो सहपाठियों ने वाशरूम में यौन शोषण किया। ...और पढ़ें

मोहाना थाना के एक गांव स्थित सरकारी स्कूल में 11वीं कक्षा के छात्र का उसकी ही कक्षा के दो सहपाठियों ने स्कूल के वाशरूम में यौन शोषण किया। प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
सोनीपत स्कूल में 11वीं के छात्र का यौन शोषण हुआ।
प्रिंसिपल-सरपंच ने पुलिस को सूचना दिए बिना मामला दबाया।
आरोपित छात्रों को स्कूल से निकालकर कार्रवाई की गई।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। मोहाना थाना के एक गांव स्थित सरकारी स्कूल में 11वीं कक्षा के छात्र का उसकी ही कक्षा के दो सहपाठियों ने स्कूल के वाशरूम में यौन शोषण किया। मामले की शिकायत पुलिस से करने के बजाय स्कूल की कार्यकारी प्रिंसिपल और गांव के सरपंच ने अभिभावकों के साथ बैठक कर मामले का दबा दिया। दोनों आरोपित नाबालिग छात्रों को स्कूल से निकाल दिया गया।
11 सितंबर को एक स्कूल में वाशरूम में 11वीं के एक छात्र का उसकी ही कक्षा के दो सहपाठियों ने यौन शोषण किया। घटना सामने आने पर कार्यकारी प्रिंसिपल, सरपंच और स्कूल मैनेजमेंट कमेटी (एसएमसी) की बैठक बुलाई गई। इसमें आरोपित व पीड़ित छात्रों के अभिभावक भी बुलाए गए। बैठक में निर्णय लिया गया कि बदनामी के डर से इस घटना की भनक बाहर किसी को नहीं लगने दी जाएगी।
कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए दोनों नाबालिग विद्यार्थियों को बिना किसी पुलिस सूचना के स्कूल लिविंग सर्टिफिकेट (एसएलसी) थमाकर विद्यालय से निकाल दिया गया। मामले में कार्यवाहक प्रिंसिपल ने न तो मामले की शिकायत पुलिस को दी और न ही पीड़ित छात्र का चिकित्सकीय परीक्षण (मेडिकल) करवाया। पीड़ित छात्र की मां दृष्टिबाधित (अंधी) हैं, जिसके कारण परिवार की ओर से घटना की पैरवी करने वाला कोई नहीं था। वहीं शिक्षा विभाग के अधिकारी जांच के लिए कमेटी बनाए जाने की बात कह रहे हैं।
