रिटायर्ड DSP सज्जनपाल हत्याकांड में 11 साल बाद आया बड़ा फैसला, पूर्व सरपंच व उसके दो बेटों समेत 4 को उम्रकैद
सोनीपत के पांची जाटान गांव में 11 साल पुराने सज्जनपाल हत्याकांड में कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। पूर्व सरपंच ...और पढ़ें

सज्जनपाल हत्याकांड में नया मोड़। जागरण
HighLights
सज्जनपाल हत्याकांड में 11 साल बाद कोर्ट का फैसला।
पूर्व सरपंच सुरेंद्र सिंह समेत चार को उम्रकैद की सजा।
चुनावी रंजिश में हुई थी रिटायर्ड DSP सज्जनपाल की हत्या।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। गांव पांची जाटान में सरपंच चुनाव की रंजिश में हुए सज्जन पाल हत्याकांड में करीब 11 साल बाद कोर्ट ने फैसला सुनाया है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश जगजीत सिंह की अदालत ने पूर्व सरपंच सुरेंद्र सिंह, उसके बेटे हरपाल उर्फ दीपक, प्रवीन और वारदात में शामिल गांव के ही युवक सुनील उर्फ उल्लू को उम्रकैद की सजा सुनाई है।
सजा पाने वालों में शामिल प्रवीन भाजपा के युवा मोर्चा का जिला अध्यक्ष भी रह चुका है। वारदात में शामिल हिस्ट्रीशीटर सुशील उर्फ शीला की पहले ही मौत हो चुकी है।
वर्ष 2015 में गांव पांची जाटान के रहने वाले अंतरराष्ट्रीय पहलवान और रिटायर डीएसपी सज्जनपाल (32) की दो अक्टूबर की रात को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सीआरपीएफ में डीएसपी के पद से वीआरएस लेने वाले सज्जनपाल की मां चांदकौर सरपंच का चुनाव लड़ने वाली थीं।
इसी को लेकर वह दो अक्टूबर की रात को करीब साढ़े दस बजे अपनी मां के पक्ष में वोट मांगने निकले थे। उनके साथ ही गांव के रामकुमार व उसके पीछे भाई जोगेंद्र भी थे। देर रात लौटते समय हमलावरों ने घेरकर गोलियां मारकर सज्जनपाल की हत्या कर दी थी।
सज्जनपाल के भाई जोगेंद्र की शिकायत पर दर्ज हुआ था मामला
उसके बाद सज्जनपाल के भाई जोगेंद्र की शिकायत पर गांव के पूर्व सरपंच सुरेंद्र, उसके बेटे प्रवीन व दीपक, गांव के सुनील उर्फ उल्लू, सुशील उर्फ शीला व अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था।
पुलिस ने आरोपियों पर 50 हजार रुपये का इनाम भी रखा था, लेकिन गिरफ्तारी नहीं होने के कारण मामले को मधुबन क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया। क्राइम ब्रांच की टीम ने सुनील, सुशील को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया था।
दोनों आरोपितों ने पूर्व सरपंच सुरेंद्र व उसके पुत्र प्रवीन सहित अन्य आरोपितों के सज्जनपाल की हत्या में शामिल होने की बात कबूली थी। केस के दौरान सुशील की जेल में मौत हो गई थी। अब केस की सुनवाई के आधार पर अदालत ने पूर्व सरपंच सुरेंद्र, उसके बेटे हरपाल उर्फ दीपक, प्रवीन और गांव के ही सुनील को सजा सुनाई है।
बेटे की हत्या के बाद मां बनी थी सरपंच
सज्जनपाल की हत्या चुनावी रंजिश में हुई थी। यह राजनीतिक टकराव वर्ष 2015 में सरपंची पाने के लिए नाक की लड़ाई बन गया था। दो बार जहां सज्जनपाल का चाचा रामेश्वर गांव का सरपंच रहा था, वहीं दो बार आरोपित पूर्व सरपंच सुरेंद्र।
वर्ष 2015 में महिला उम्मीदवार होने के कारण पूर्व सरपंच सुरेंद्र ने अपनी पत्नी को मैदान में उतारा तो सज्जनपाल ने अपनी मां को। सज्जनपाल की हत्या से गांव में तनाव और बढ़ गया, लेकिन जब परिणाम आया तो सज्जनपाल की मां चांदकौर की जीत हुई। स्वजन ने इसे सच्चाई की जीत बताया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।