सोनीपत: हादसों को रोकने के लिए खुले ट्रांसफार्मरों की फेंसिंग शुरू, 80 जगहों पर लगेंगे लोहे के जाल
सोनीपत के खरखौदा में खुले बिजली ट्रांसफार्मरों को हादसों से बचाने के लिए बिजली निगम ने लोहे के जाल लगाने शुरू कर दिए हैं। यह पहल आम लोगों और बेसहारा पशुओं को करंट लगने से बचाने के लिए की गई है।

ट्रांसफार्मरों की हो रही फेंसिंग। जागरण
HighLights
खरखौदा में खुले ट्रांसफार्मरों की फेंसिंग का कार्य शुरू।
आमजन और बेसहारा पशुओं को हादसों से बचाना उद्देश्य।
शुरुआती चरण में 80 जगहों पर लगेंगे लोहे के जाल।
संवाद सहयोगी, खरखौदा(सोनीपत)। सोनीपत के खरखौदा के चौक-चौराहों पर खुले में रखे बिजली ट्रांसफार्मर अब हादसों का कारण नहीं बनेंगे। बिजली निगम ने सुरक्षा की दृष्टि से इन ट्रांसफार्मरों के चारों तरफ लोहे के जाल लगाकर उन्हें सुरक्षित करना शुरू कर दिया है। इस फेंसिंग से न केवल आम लोगों को करंट की चपेट में आने से बचाया जा सकेगा, बल्कि बेसहारा पशुओं की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।
दरअसल शहर में कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर खुले में लगे हुए थे। इनके आसपास सुरक्षा घेरा नहीं होने के कारण बेसहारा पशु कई बार करंट की चपेट में आ चुके थे। वहीं इन ट्रांसफार्मरों के संपर्क में आने से किसी बड़े हादसे की आशंका भी बनी रहती थी।
कई जगहों पर तो ट्रांसफार्मर काफी नीचे थे, ऐसे में बिजली निगम ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए ट्रांसफार्मरों के चारों तरफ लोहे के जाल लगाने का काम शुरू किया है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगे ट्रांसफार्मरों को जाल से घेरा जा रहा है।
20 जगहों पर लग चुके हैं जाल
इससे अनजाने में किसी व्यक्ति या पशु के ट्रांसफार्मर के संपर्क में आने की आशंका कम होगी। बिजली निगम की ओर से यह काम केवल शहर तक सीमित नहीं रखा गया है, ग्रामीण अंचल में भी इसे अंजाम दिया जा रहा है। बल्कि सैदपुर डिवीजन के ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसी तर्ज पर सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। जहां ग्रामीण अंचल में करीब 20 स्थानों पर ट्रांसफार्मरों के चारों तरफ लोहे के जाल लगाए जा चुके हैं।
बिजली निगम का उद्देश्य बिजली ढांचे को सुरक्षित बनाना और लोगों को संभावित हादसों से बचाना है। खुले ट्रांसफार्मरों के कारण बेसहारा पशुओं के करंट की चपेट में आने की घटनाएं सामने आती रही हैं। इसी को देखते हुए ट्रांसफार्मरों के चारों तरफ सुरक्षा जाल लगाए जा रहे हैं। इससे आमजन के साथ पशुओं को भी सुरक्षा मिलेगी। खरखौदा डिवीजन में 80 जगहों पर शुरुआती चरण में फेंसिंग की जाएगी।
-रवि कुमार, एसडीओ, बिजली निगम, खरखौदा