विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनीपत: नामचीन संस्थानों पर गिरेगी गाज, कचरा फैलाने पर ओपी जिंदल, अशोका यूनिवर्सिटी और जिला जेल समेत 138 को नोटिस

Published: Fri, 16 Oct 2026 08:14 PM (GMT+05:30)

सोनीपत नगर निगम ने कचरा प्रबंधन नियमों की अनदेखी करने पर ओपी जिंदल, अशोका यूनिवर्सिटी सहित 138 बड़े संस्थानों को नोटिस जारी किए हैं।

सोनीपत में कचरा प्रबंधन न करने पर 138 इकाइयों को नोटिस।

सोनीपत में कचरा प्रबंधन न करने पर 138 इकाइयों को नोटिस।

HighLights

  1. सोनीपत निगम ने 138 संस्थानों को कचरा प्रबंधन नोटिस दिया।

  2. ओपी जिंदल, अशोका यूनिवर्सिटी, जिला जेल भी सूची में शामिल।

  3. नियम उल्लंघन पर 25 से 50 हजार रुपये जुर्माना लगेगा।

दीपक गिजवाल, सोनीपत। सोनीपत जिले की नामचीन यूनिवर्सिटी कचरा प्रबंधन के नियमों की अनदेखी कर कचरा फैला रही है। शिक्षण संस्थान, अस्पताल, औद्योगिक इकाइयां और बड़ी व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी कचरे के वाहक बनने में पीछे नहीं है।

नगर निगम ने ऐसी 138 इकाइयों को चिह्नित कर नोटिस जारी किए हैं। इनमें ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी, अशोक यूनिवर्सिटी, हिंदू शिक्षण संस्थान, जिला जेल, नागरिक अस्पताल, बड़े बैंक्वेट हाल और कई औद्योगिक कंपनियों के नाम भी सूची में हैं।

नगर निगम ने बड़े कचरा उत्पादकों की पहचान कर उन्हें नियमों के दायरे में लाने की कार्रवाई शुरू की है। इसमें प्रतिदिन 100 किलो या इससे अधिक कचरा पैदा करने वाले प्रतिष्ठान, 20 हजार वर्ग फुट या इससे अधिक क्षेत्रफल वाली संपत्तियां और प्रतिदिन 40 हजार लीटर या इससे अधिक पानी का इस्तेमाल करने वाले प्रतिष्ठान शामिल हैं।

'बड़े संस्थानों को कचरा प्रबंधन करना होगा'

अपनी-अपनी फील्ड में पहचान रखने वाले इन संस्थानों और प्रतिष्ठानों को अब कचरा प्रबंधन के इंतजाम सुनिश्चित करने होंगे। निगम ने संबंधित संचालकों और संपत्ति मालिकों को नोटिस भेजकर बल्क वेस्ट जेनरेटर (बीडब्ल्यूजी) पोर्टल पर पंजीकरण कराने और कचरे के निस्तारण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

नोटिस के बाद भी नियमों का पालन नहीं करने पर 25 हजार से 50 हजार रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है। नगर निगम की चिह्नित इकाइयों ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी, अशोका यूनिवर्सिटी, हिंदू कॉलेज, हिंदू गर्ल्स कॉलेज, हिंदू कॉलेज आफ इंजीनियरिंग, हिंदू इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी, हिंदू स्कूल आफ आर्किटेक्चर, दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय और आइआइआइटीमए ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस भी हैं।

इसके अलावा ऋषिकुल स्कूल, जीवीएम स्कूल, सोफिया कान्वेंट स्कूल, जेपी जैन स्कूल, एसएम हिंदू सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सीआरए कॉलेज, टीकाराम कॉलेज और स्वर्णप्रस्थ पब्लिक स्कूल जैसे संस्थान भी सूची में शामिल हैं।

अस्पताल, जेल और सरकारी विभागों को भी नोटिस

सूची में नागरिक अस्पताल के साथ ही जंकीदास अस्पताल और जेके हिंदू चैरिटेबल अस्पताल भी ऐसे है। जो कचरा प्रबंधन में पीछे है। इसके अलावा जिला जेल , पुलिस लाइन, हरियाणा रोडवेज, जलापूर्ति विभाग के वाटर वर्क्स, पशुपालन विभाग, लोक निर्माण विभाग और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सहित कई सरकारी कार्यालयों को भी नोटिस भेज गए है।

मुरथल, राई की औद्योगिक इकाइयां भी लापवाह

औद्योगिक क्षेत्रों में भी कई बड़ी कंपनियों के नाम सूची में शामिल हैं। इनमें इसीई इंडस्ट्रीज लिमिटेड, अनंत राज लिमिटेड, अनंत राज इंडस्ट्रीज लिमिटेड, एफआइइएम इंडस्ट्रीज लिमिटेड, पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड, कोहिनूर फूड्स लिमिटेड, मैककार्मिक फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड, फ्रेश हेल्दी एंटरप्राइजेज लिमिटेड और अन्य कंपनियां कचरा प्रबंधन में लापरवाही बरत रही है। इनमें कई इकाइयां राई, मुरथल और बड़ी औद्योगिक क्षेत्रों में स्थित हैं। सूची में बैंक्वेट हाल, गार्डन, रिसार्ट और अन्य व्यावसायिक संपत्तियां भी शामिल हैं।

नगर निगम ने संबंधित इकाइयों को नोटिस देकर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। बड़े कचरा उत्पादकों की निगरानी से कचरे के उचित निस्तारण को सुनिश्चित करने और शहर की स्वच्छता व्यवस्था में सुधार करने में मदद मिलेगी।
-हर्षित कुमार, आयुक्त, नगर निगम।

यह भी पढ़ें- सोनीपत के इस गांव में जर्जर पशु अस्पताल की जगह बनेगा नया भवन, OPD और लैब की मिलेगी सुविधा