100 रुपये के विवाद में हैवान बना पति, पत्नी की कुदाल से काटकर हत्या; 10 साल के मासूम से बुलवाया झूठ
सोनीपत के रहमाना गांव में शराब के नशे में 100 रुपये के विवाद को लेकर एक पति ने अपनी पत्नी की कस्सी और कुदाल से हमला कर हत्या कर दी।

HighLights
पति ने 100 रुपये के विवाद में पत्नी की हत्या की।
शराब के नशे में कस्सी और कुदाल से हमला किया।
आरोपी ने बेटे को मामा पर आरोप लगाने को कहा।
जागरण सवाददाता, सोनीपत। गांव रहमाना में शराब के नशे में घरेलू विवाद के दौरान पति पर अपनी 32 वर्षीय पत्नी की कस्सी और कुदाल से हमला कर हत्या करने का आरोप लगा है। प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह 100 रुपये को लेकर कहासुनी बताई जा रही है।
वारदात के बाद आरोपी पति ने अपने 10 वर्षीय बेटे को डराकर पुलिस को यह बताने के लिए कहा कि उसकी मां की हत्या उसके मामा ने की है। हालांकि, पुलिस की पूछताछ में बच्चों ने घटना के संबंध में अलग जानकारी दी, जिसके बाद जांच की दिशा बदल गई।
राजवंती के हैं दो बच्चे
राजवंती मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की रहने वाली थी। वह अपने पति नरेश और दो बच्चों के साथ करीब 15 दिन पहले गांव रहमाना निवासी राजेंद्र के खेत में बने ट्यूबवेल के कोठरे में रहने आई थी। परिवार खेतों में मजदूरी करता था। उनके साथ 10 और पांच वर्ष के दो बच्चे भी रहते थे।

रविवार रात करीब नौ बजे नरेश, राजवंती और उसका भाई एक साथ शराब पी रहे थे। कुछ देर बाद राजवंती का भाई दूसरे कमरे में चला गया। इसके बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राजवंती ने घर का सामान लाने के लिए पति की जेब से 100 रुपये निकाले थे। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ। आरोप है कि शराब के नशे में विवाद बढ़ने पर नरेश ने कोठरे में रखी कस्सी से पत्नी पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने कुदाल से भी वार किए। गंभीर चोट लगने से राजवंती की मौत हो गई।
हत्या के बाद बेटे को मामा का नाम लेने के लिए डराया
आरोप है कि घटना के बाद नरेश ने अपने 10 वर्षीय बेटे को डराकर उसे पुलिस के सामने यह कहने के लिए कहा कि उसकी मां की हत्या उसके मामा ने की है। सुबह पुलिस मौके पर पहुंची तो बच्चों से पूछताछ की गई।
पुलिस ने बच्चों से अलग-अलग बातचीत कर घटना के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद बच्चे ने बताया कि उसकी मां पर उसके पिता नरेश ने हमला किया था। पुलिस अब बच्चों के बयानों और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों का मिलान कर रही है।
पूछताछ में नरेश ने पुलिस के सामने दावा किया कि विवाद के दौरान उसकी पत्नी ने पहले उस पर हमला किया था। उसके शरीर पर नाखून के निशान होने की बात भी सामने आई है। आरोपी के अनुसार, विवाद के दौरान मारपीट के बाद उसने नशे की हालत में पत्नी पर कस्सी और फिर कुदाल से वार किए।
एसीपी देवेंद्र सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंपा जाएगा। शिकायत और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
