विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनीपत में 6 साल की बच्ची का शव मिलने से हड़कंप, परिवार ने दुष्कर्म-हत्या का आरोप लगाया

Published: Thu, 17 Sep 2026 10:12 PM (IST)

सोनीपत के मोहाना थाना क्षेत्र में एक कंस्ट्रक्शन साइट के पास छह साल की बच्ची का शव मिला, जिसके बाद ...और पढ़ें

खेत में छह साल की बच्ची का शव मिलने से हड़कंप।

खेत में छह साल की बच्ची का शव मिलने से हड़कंप।

HighLights

  1. सोनीपत में कंस्ट्रक्शन साइट के पास बच्ची का शव मिला।

  2. परिवार ने दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाते हुए न्याय मांगा।

  3. पुलिस हिरासत में संदिग्ध, परिवार ने अंतिम संस्कार से किया इनकार।

जागरण संवाददाता, सोनीपत। मोहाना थाना क्षेत्र में कंस्ट्रक्शन साइट के पास खेत में छह साल की बच्ची का शव मिलने से हड़कंप मच गया। बच्ची कंस्ट्रक्शन साइट पर परिवार के साथ रहती थी और रात में अचानक लापता हो गई थी। तलाश के दौरान साइट से करीब 500 दूर उसका शव पेड़़ के नीचे जमा पानी में मिला।

स्वजन ने साइट पर काम करने वाले एक युवक पर बच्ची को ले जाने और दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव फेंकने का शक जताया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, देर शाम पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर शव परिवार को सौंप दिया।

स्वजन सेक्टर-15 के श्मशान स्थल तक शव ले भी आए, बाद में संस्कार से इनकार कर दिया। बच्ची के पिता का आरोप है कि एक ओर देश प्रधानमंत्री का जन्मदिन मना रहा है, दूसरी ओर मेरी बच्ची की मौत पर मुझे न्याय नहीं मिला। उन्होंने पाक्सो व एससी-एसटी एक्ट की धाराएं लगाने की मांग करते हुए श्मशान स्थल के बाहर धरना दिया।

बुधवार रात छह साल बच्ची के लापता होने की सूचना पुलिस को मिली

बच्ची का परिवार मूलरूप से मध्य प्रदेश का रहने वाला है। परिवार पिछले करीब दो वर्ष से सोनीपत में अलग-अलग कंस्ट्रक्शन साइट पर मजदूरी कर रहा है। फिलहाल परिवार मोहाना थाना क्षेत्र में एक फैक्ट्री की कंस्ट्रक्शन साइट पर झुग्गी बनाकर रह रहा था। बुधवार रात छह साल बच्ची के लापता होने की सूचना पुलिस को मिली।

इसके बाद पुलिस और स्वजन ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद साइट से करीब 500 मीटर दूर खेत में पेड़ के नीचे वर्षा का पानी जमा था, वहां बच्ची का शव मिला। स्वजन का आरोप है कि बच्ची के हाथ-पैर वायर से बंधे हुए थे और उसका मुंह पानी में डूबा हुआ था। उन्होंने बच्ची के शरीर पर कपड़े नहीं होने की बात भी कही।

बच्ची के स्वजन ने मौके पर मौजूद एक युवक पर शक जताया। उनका कहना था कि युवक नशे की हालत में था। पुलिस ने शक के आधार पर उसे हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए युवक की पहचान करनाल के गांव बरसत के रहने वाले सुमित के रूप में हुई है। वह तीन दिन पहले ही साइट पर आया था।

अंतिम संस्कार से इनकार, पुलिस पर मर्जी से कार्रवाई का आरोप

बच्चों की हत्या के मामले में मृतक बच्ची के स्वजन ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। परिवार के लोग बच्ची का शव लेकर सेक्टर-15 स्थित श्मशान स्थल के बाहर बैठ गए। परिजनों का कहना है कि वे पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं और जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।

स्वजन ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि बच्ची के हाथ-पैर बंधे हुए मिले थे और शव पर कपड़े नहीं थे। इसके बावजूद मामले में पाक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई क्यों नहीं की गई। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने उनकी शिकायत और परिस्थितियों के अनुसार कार्रवाई करने के बजाय अपनी मर्जी से कार्रवाई की और परिवार पर भी दबाव बनाया गया।

बच्ची के पिता बोले, न्याय चाहिए

मृतक बच्ची के पिता ने भावुक होकर कहा कि “एक तरफ देश के प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया जा रहा है और दूसरी तरफ मेरी बच्ची की मौत हो रही है।” उनका कहना है कि बेटी की मौत के मामले में उन्हें न्याय चाहिए और पुलिस को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।

परिवार के सवाल, जिससे पुलिस कार्रवाई संदेह में

- बच्ची के हाथ-पैर बंधे मिले तो पाक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
- शव पर कपड़े नहीं होने की स्थिति में पुलिस ने किस आधार पर कार्रवाई की ?
- परिवार के बयानों के अनुसार कार्रवाई क्यों नहीं की गई ?
- परिजनों का आरोप है कि उन पर दबाव क्यों बनाया गया ?

प्राथमिक जांच में दुष्कर्म या गलत काम किए जाने जैसी बात सामने नहीं आई हैं। अभी तक बच्ची की मौत पानी में डूबने से होने की आशंका है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - देवेंद्र सिंह, एसीपी, गोहाना

यह भी पढ़ें- सोनीपत में पिटबुल ने छह माह के बच्चे पर किया जानलेवा हमला, आधा मिनट तक नोंचा