विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनीपत में शादी से इनकार करने पर बेटी और प्रेमी ने मिलकर मां को मार डाला, करंट से मौत का रचा नाटक

By Deepak GajwalEdited By: Sonu Suman
Published: Tue, 06 Oct 2026 04:32 PM (GMT+05:30)

सोनीपत में प्रेमी से शादी में बाधा बन रही मां की बेटी और उसके प्रेमी ने मिलकर हत्या कर दी। ...और पढ़ें

शादी से इनकार करने पर मां और प्रेमी ने मिलकर मां को उतारा मौत के घाट। (एआई जेनरेटेड इमेज)

शादी से इनकार करने पर मां और प्रेमी ने मिलकर मां को उतारा मौत के घाट। (एआई जेनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. बेटी और प्रेमी ने शादी में बाधा बन रही मां की हत्या की।

  2. हत्या को करंट लगने से हुई मौत दिखाने की कोशिश की गई।

  3. पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने दम घुटने से मौत का खुलासा किया।

दीपक गिजवाल, सोनीपत। प्रेमी से शादी से इनकार करना एक बेटी को इतना नागवार गुजरा की उसने प्रेमी के साथ मिलकर गला दबा मां की हत्या कर दी। इसके बाद करंट से मौत होने का नाटक करती रही। हालांकि पोस्टमार्टम से पूरी कहानी बदल गई। महिला की मौत करंट से नहीं, बल्कि मुंह दबाने और हाथों से गला घोंटने के कारण दम घुटने से हुई थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के बाद घटना को हादसा दिखाने के लिए महिला के हाथ को बिजली की तार से लगाया गया था। पुलिस ने मृतका की बेटी के दोस्त मुकीमपुर के विशाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में विशाल ने हत्या की बात स्वीकार की है।

तीन अक्टूबर को बीपीएस खानपुर अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-15 के मकान नंबर 3381 में रहने वाली रामेश्वरी पत्नी जगमोहन की करंट लगने से मौत हो गई है। पुलिस टीम अस्पताल पहुंची तो वहां मृतका की बेटी जानवी, उसका दोस्त विशाल और अन्य लोग मौजूद थे।

पुलिस के मुताबिक जानवी बार-बार अपनी मां का पोस्टमार्टम नहीं कराने की बात कह रही थी। बाद में उसने और विशाल ने बताया कि रामेश्वरी के बाएं हाथ पर करंट लगा है। दोनों ने केवल बाएं हाथ का पोस्टमार्टम कराने की बात कही। पुलिस ने समझाया तो पोस्टमार्टम के लिए सहमति दी गई। समय अधिक होने के कारण शव को फ्रिजर में रखवा दिया गया।

चार अक्टूबर को पोस्टमार्टम कराया गया तो चिकित्सक ने पुलिस को बताया कि महिला की मौत करंट लगने से नहीं हुई है। गला दबाने के कारण उसकी मौत हुई है। इसके बाद पुलिस को पूरा मामला संदिग्ध लगा।

इसके बाद पुलिस ने एफएसएल टीम की मौजूदगी में कमरे की जांच की गई। यहां से खून से सनी डबल बेड की चादर और एक्सटेंशन बोर्ड बरामद किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक ने मौत का कारण “मुंह दबाने और हाथ से गला घोंटने के कारण दम घुटना” बताया है।

मां शादी के लिए तैयार नहीं थी, दोनों ने बनाई हत्या की योजना

पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि जानवी और विशाल के बीच प्रेम संबंध थे और दोनों रामेश्वरी के साथ किराये के मकान में रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक विशाल ने पूछताछ में बताया कि रामेश्वरी दोनों के रिश्ते और शादी के लिए तैयार नहीं थी। इसी वजह से दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार विशाल ने बताया कि दो अक्टूबर को जानवी और उसने रामेश्वरी की हत्या की योजना बनाई थी। तीन अक्टूबर की सुबह करीब 5:30 बजे रामेश्वरी कमरे में सो रही थी। इसी दौरान विशाल ने उसका मुंह दबाया और हाथों से गला घोंट दिया। दम घुटने से उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद बिजली की तार काटकर रचा हादसे का नाटक

पुलिस के मुताबिक रामेश्वरी की मौत के बाद विशाल ने हत्या को हादसा दिखाने की कोशिश की। उसने एक्सटेंशन बोर्ड की तार के बीच में कट लगाया और रामेश्वरी के बाएं हाथ पर बिजली का करंट लगाया, ताकि लोगों को लगे कि महिला की मौत बिजली का झटका लगने से हुई है।

हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस कहानी की पोल खोल दी। चिकित्सक ने साफ किया कि मौत करंट से नहीं बल्कि दम घुटने के कारण हुई है। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ को जांच में शामिल किया।

केस दर्ज, दूसरा जांच अधिकारी लगाया

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर थाना सेक्टर-27 में मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रारंभिक सूचना देने वाले पुलिसकर्मी को ही शिकायतकर्ता बनाए जाने के कारण मामले की आगे की जांच के लिए एएसआई संजीव को दूसरा जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच, बरामद सामान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- खरखौदा में महिला का पीछा करने और धमकाने वाले पड़ोसी युवक पर मामला दर्ज