विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनीपत की बेटी ने एशियाई खेल में रचा इतिहास, गोल्ड मेडल जीत कर बढ़ाया देश का मान

Published: Tue, 29 Sep 2026 07:32 PM (IST)

गन्नौर के गुमड़ गांव की बेटी किरण पहल ने एशियाई खेलों की महिला 4x400 मीटर रिले में स्वर्ण पदक जीतकर ...और पढ़ें

किरण पहल के घर में खुशी का माहौल।

किरण पहल के घर में खुशी का माहौल।

HighLights

  1. किरण पहल ने एशियाई खेलों की 4x400 मीटर रिले में स्वर्ण जीता।

  2. भारतीय टीम ने 3 मिनट 29.69 सेकेंड में स्वर्ण पदक हासिल किया।

  3. किरण की जीत से गुमड़ गांव और परिवार में खुशी का माहौल।

संवाद सहयोगी, गन्नौर। गुमड़ गांव की बेटी किरण पहल ने एशियाई खेलों की महिला (4) 400 मीटर रिले में स्वर्ण पदक जीतकर देश के साथ अपने गांव और परिवार का नाम भी रोशन कर दिया। भारतीय टीम ने फाइनल में 3 मिनट 29.69 सेकेंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता।

किरण पहल के साथ एमआर पूवम्मा, प्राची और विथ्या रामराज भारतीय टीम में शामिल रहीं। भारत ने फाइनल में बहरीन को 0.52 सेकेंड से पीछे छोड़ा, जबकि चीन तीसरे स्थान पर रहा। किरण की इस बड़ी कामयाबी से गांव गुमड़ स्थित उनके घर में खुशी का माहौल बन गया।

किरण की मां का खुशी का ठिकाना नहीं

बेटी की जीत पर मां माया देवी की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। जिस बेटी के खेल सफर में मां ने मुश्किल समय में उसका हौसला बढ़ाया और फेडरेशन कप की प्रवेश फीस तक का इंतजाम किया था, उसी बेटी ने अब एशियाई खेलों में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर परिवार का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया।

किरण के भाई रविंद्र पहल और परिवार के अन्य सदस्यों ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताई। इससे पहले परिवार के सदस्य टीवी पर किरण के मुकाबले देखते हुए उसकी हर दौड़ के लिए उत्साहित रहते थे। अब उनकी बेटी के गले में एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक है।

यह भी पढ़ें- सोनीपत में पराली बनी किसानों की कमाई का जरिया, प्रति एकड़ 9000 से ज्यादा आय; इस सीजन आग का एक केस नहीं