मेरिट लिस्ट में नाम नहीं आने वालों को भी मिल रहा मौका, सोनीपत के कॉलेजों में शुरू हुई ओपन काउंसलिंग
सोनीपत के कॉलेजों में ग्रेजुएशन व अन्य कोर्सेस में खाली सीटों को भरने के लिए ओपन काउंसलिंग शुरू हो गई ...और पढ़ें

उच्चतर शिक्षा विभाग के निर्देश पर सीटें भरने के लिए ओपन काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
HighLights
सोनीपत कॉलेजों में ग्रेजुएशन के लिए ओपन काउंसलिंग शुरू।
मेरिट लिस्ट में नाम नहीं आने वाले भी ले सकते हैं दाखिला।
खाली सीटों पर 23 अगस्त तक लेट फीस के साथ प्रवेश।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। जिले के काॅलेजों में ग्रेजुएशन और अन्य कोर्सेस में दाखिले से वंचित स्टूडेंट्स के लिए राहत की खबर है। प्रथम और द्वितीय मेरिट सूची जारी होने के बाद भी काॅलेजों में सीटें खाली रह गई हैं। वर्तमान में करीब 30 से 40 प्रतिशत सीटें रिक्त हैं। ऐसे में उच्चतर शिक्षा विभाग के निर्देश पर सीटें भरने के लिए ओपन काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सारे दस्तावेज लेकर कॉलेज पहुंचें
सरकारी और संस्था के काॅलेजों में ओपन काउंसलिंग के तहत उन स्टूडेंट्स को भी दाखिला लेने का मौका मिलेगा, जिनका नाम पहले जारी की गई मेरिट सूची में शामिल नहीं हो सका था। विद्यार्थी अपनी पसंद के संबंधित काॅलेज में आवश्यक दस्तावेजों के साथ सीधे पहुंचकर दाखिला प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
काॅलेजों में उपलब्ध सीटों के आधार पर स्टूडेंट्स को दाखिला दिया जाएगा। दाखिले के लिए स्टूडेंट्स को अपने मूल प्रमाण पत्रों, आवश्यक दस्तावेजों और निर्धारित शुल्क के साथ संबंधित काॅलेज में पहुंचना होगा।
ओपन काउंसलिंग शुरू होने से उन स्टूडेंट्स को भी उच्च शिक्षा में प्रवेश का अवसर मिलेगा, जो मेरिट सूची में नाम नहीं आने के कारण अब तक दाखिला नहीं ले सके थे।
23 अगस्त तक लेट फीस के साथ दाखिला
खाली सीटों को भरने के लिए शुरू की गई ओपन काउंसलिंग में लेट फीस का प्रविधान किया गया है। 10 से 16 अगस्त तक विद्यार्थी 100 रुपये लेट फीस के साथ दाखिला ले सकते हैं। वहीं, 17 से 23 अगस्त तक प्रतिदिन 100 रुपये अतिरिक्त लेट फीस देनी होगी। स्टूडेंट्स को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित तिथि के भीतर संबंधित काॅलेज में पहुंचकर दाखिला प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि उन्हें अतिरिक्त लेट फीस न देनी पड़े।
23 काॅलेजों में 13,500 से अधिक सीटें
जिले के 23 काॅलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया चल रही है। इन काॅलेजों में करीब 13,500 से अधिक सीटें हैं। इस वर्ष जिले में 21 हजार से अधिक स्टूडेंट्स ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी और सीबीएसई से 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की है।
इनमें से विद्यार्थी दिल्ली और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालयों के अलावा विभिन्न कोर्सों में भी दाखिले को प्राथमिकता दे रहे हैं। इसी कारण जिले के काॅलेजों में सीटें रिक्त रह गई हैं। इस वर्ष करीब 18 से 19 हजार स्टूडेंट्स ने काॅलेजों में दाखिले के लिए पंजीकरण कराया था।
"स्टूडेंट्स के लिए ओपन काउंसलिंग शुरू कर दी गई है। जिन स्टूडेंट्स का नाम मेरिट सूची में शामिल नहीं हुआ था, वे भी अब दाखिला ले सकते हैं। स्टूडेंट्स को निर्धारित तिथि पर दाखिला लेकर लेट फीस से बचना चाहिए।"
-डाॅ. सीमा, प्राचार्य, हिंदू काॅलेज, सोनीपत।
यह भी पढ़ें- सोनीपत में रामनगर-घसौली सड़क का चौड़ीकरण पूरा, 3.30 करोड़ की लागत से मिली बेहतर कनेक्टिविटी
यह भी पढ़ें- लड़का होगा या लड़की... जांचकर बताने के लेते थे 1 लाख रुपये; सोनीपत में डॉक्टर समेत 3 गिरफ्तार
