कुख्यात मोनू लल्हेड़ी करनाल जेल ट्रांसफर
जेल में वर्चस्व की जंग के चलते प्रबंधन ने कुख्यात मोनू लल्हेड़ी को करनाल जेल ट्रांसफर कर दिया है।
जासं, सोनीपत : जेल में वर्चस्व की जंग के चलते प्रबंधन ने कुख्यात मोनू लल्हेड़ी को करनाल जेल ट्रांसफर कर दिया है। इससे पहले राजू बसौदी को भी फरीदाबाद जेल भेज दिया गया था। दोनों जेल में अपना वर्चस्व स्थापित करना चाहते थे। इसको लेकर दोनों में कई बार नोकझोंक हो चुकी थी। पिछले सप्ताह दोनों गैंग के सदस्यों के बीच मारपीट भी हुई थी। इसके चलते कारागार में व्यवस्था बनाए रखने में अधिकारियों को कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा था। जेल में तनावपूर्ण माहौल के चलते प्रबंधन ने दोनों गैंग लीडर को सोनीपत से ट्रांसफर कर दिया है।
जेल अधिकारियों के अनुसार 28 मई को शाम को खाने के समय दोनों गैंग के सदस्य आमने-सामने आ गए थे। कुछ ही देर में दोनों में मारपीट होने लगी थी। मारपीट में मोनू लल्हेड़ी भी शामिल था, जबकि राजू बसौदी के गुर्गें शामिल थे। जेल अधिकारियों ने इसकी रिपोर्ट मुख्यालय भेजी थी। उसके चलते जेल प्रबंधन ने दोनों कुख्यात को दूसरी जेलों में भेज दिया है। राजू बसौदी को पहले फरीदाबाद जेल भेजा गया है, जबकि अब मोनू लल्हेड़ी को करनाल जेल में शिफ्ट कर दिया गया है। राजू बसौदी और मोनू लल्हेड़ी के गुर्गों के बीच वर्चस्व को लेकर नोक-झोंक होती रहती थी। मुख्यालय के आदेश पर दोनों को अलग-अलग जेल भेज दिया गया है।
- रामचंदर सिंह, जेल अपाधीक्षक-सोनीपत।