NH 344 P बनने लगा है शराब तस्करी का हाईवे, झिंझौली टोल प्लाजा पर तीन युवक 200 पव्वे अवैध शराब के साथ गिरफ्तार
झिंझौली टोल प्लाजा पर पुलिस ने बाइक पर अवैध शराब ले जा रहे तीन युवकों को 200 पव्वे के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस द्वारा बरामद शराब की खेप। यह तस्वीर एआई से एडिट की गई है
HighLights
झिंझौली टोल प्लाजा पर तीन युवक अवैध शराब संग पकड़े गए।
सोनीपत से दिल्ली ले जाई जा रही थी 200 पव्वे शराब।
एनएच 344पी बना शराब तस्करों के लिए नया आसान मार्ग।
संवाद सहयोगी, खरखौदा। एनएच 344 पी पर अवैध शराब तस्करी के मामले लगातार सामने आने लगे हैं। झिंझौली टोल प्लाजा पर पुलिस ने नाके के दौरान बाइक पर शराब ले जा रहे तीन युवकों को काबू कर उनके कब्जे से 200 पव्वे अवैध शराब बरामद की है। यह शराब सोनीपत की तरफ से दिल्ली की तरफ ले जाई जा रही थी।
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। इससे पहले भी इसी हाईवे पर अवैध शराब की खेप पकड़ी जा चुकी है, जिसके चलते ऐसा लग रहा है कि यह मार्ग अब शराब तस्करों के लिए आसान रूट बनने लगा है।
राष्ट्रीय राजमार्ग 344पी पर झिंझौली टोल प्लाजा के पास हरियाणा पुलिस की तरफ सेक इंटरस्टेट नाका लगाया गया है। जहां पर हेड कांस्टेबल दीपक अपनी टीम के साथ वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान सोनीपत की तरफ से एक बाइक पर तीन युवक आते दिखाई दिए।
यहां पहले भी मिली शराब की खेप
पुलिस को शक होने पर बाइक को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान बाइक पर रखे दो बैगों से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार एक काले रंग के बैग से देशी शराब मार्का फाल्कन संतरा के 150 पव्वे मिले, जबकि दूसरे बैग से अंग्रेजी शराब मार्का नाइट ब्लू के 50 पव्वे बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपितों की पहचान विनोद डबास, संदीप और लक्ष्य वशिष्ठ निवासी पूठ खुर्द, दिल्ली के रूप में हुई। तीनों युवक शराब से संबंधित कोई लाइसेंस, परमिट या बिल पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने शराब व बाइक को कब्जे में लेकर आरोपितों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे दिल्ली के किस क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था। बीते करीब 20 दिन पहले 24 अप्रैल को भी इसी नाके पर पुलिस टीम ने एक कैंटर से छह सौ पेटी अवैध शराब बरामद की थी, ऐसे में हरियाणा से दिल्ली में अवैध शराब लेकर जाने का शराब तस्कर इसे आसान रास्ता मानने लगे हैं।
