मुंह खुरपका व गलघोंटू बीमारी को रोकने के लिए टीकाकरण अभियान शुरू
पशुओं में मुंह खुरपका व गलघोंटू बीमारी रोकने के लिए पशुपालन विभाग ने जिले में टीकाकरण अभियान शुरू किया है। यह अभियान 22 अक्टूबर तक चलेगा।
जागरण संवाददाता, सोनीपत : पशुओं में मुंह खुरपका व गलघोंटू बीमारी रोकने के लिए पशुपालन विभाग ने जिले में टीकाकरण अभियान शुरू किया है। यह अभियान 22 अक्टूबर तक चलेगा। इसके लिए विभाग ने कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है, जो घर-घर जाकर पशुओं को टीका लगा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि टीकारण से पशुओं की बीमारी पर रोकथाम लगेगी।
सोनीपत जिले में करीब चार लाख पालतू पशु हैं। पशुपालकों द्वारा पशुओं का बेहतर पालन-पोषण किया जाता है। इसके बावजूद साल में कई पशुओं की बीमारियों से मौत हो जाती है। सबसे ज्यादा मुंह खुरपका व गलघोंटू बीमारी के कारण पशुओं की मौत होती है। हालांकि पशुओं को बीमारियों से बचाने के लिए पशुपालन विभाग नियमित टीकाकरण व अन्य अभियान चलाता है, लेकिन पिछले दिनों विभाग ने बीमारियों से निपटने के लिए नई विधि अपनाई थी।
इस विधि के तहत पशुओं को बीमारियों से संबंधित साल में एफएमडी व एचएसएस नामक दवाओं का मिश्रण कर टू-इन-वन नामक टीका एक साल में केवल दो बार लगाया जाना है। इससे पशुओं की 90 फीसद बीमारी कवर होगी। इसी के तहत अब विभाग ने जिले में 22 अक्टूबर तक एक भी पशु छूट न जाए-सुरक्षा चक्र टूट न जाए के नारे पर टीकाकरण अभियान चलाया है। पशुओं में मुंह खुरपका व गलघोंटू बीमारी रोकने को लेकर विभाग गंभीर है। इसी के तहत अब 22 अक्टूबर तक जिले में टीकाकरण अभियान शुरू किया है। इसके लिए विभाग के कर्मचारी घर-घर जा रहे हैं। पशुपालकों से अपील है कि वे अपने पशुओं का टीकाकरण जरूर करवाएं, ताकि पशुओं को संबंधित बीमारियों से बचाया जा सके।
- डॉ. जसवंत सिंह, उपनिदेशक, पशुपालन विभाग, सोनीपत