बिहार की आपदा से टेंशन में आया शहर का बड़ा वर्ग
बिहार में लगातार बारिश होने से कई जिलों में जलजमाव हो गया है।
जागरण संवाददाता, सोनीपत : बिहार में लगातार बारिश होने से कई जिलों के लोग बाढ़ की विभीषिका से जूझ रहे हैं। पोल गिरने से कई इलाकों में बिजली सप्लाई ठप पड़ी है। करंट के डर से भी कई इलाकों की आपूर्ति काट दी गई है। इससे लोगों के मोबाइल तक चार्ज न होने से उनका अपनों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। बाढ़ के कारण कई इलाकों में नेटवर्क भी काम नहीं कर रहा है। ऐसे में दूरदराज में रहने वाले परिजन और रिश्तेदार परेशान हैं। सोनीपत में भी बड़ी संख्या बिहार के लोग नौकरी-पेशा करते हैं। वह अपनों का हाल जानने और उनको राहत पहुंचाने में देरी से परेशान हैं। परिवार के लोगों का ज्यादातर समय टीवी के सामने बिहार का हाल जानने में बीत रहा है।
हमारे गांव के साथ ही चारों ओर पानी भरा हुआ है। गांव को जाने वाली विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त होने से पांच दिन से सप्लाई नहीं है। अब दो दिन से परिजनों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। पटना में रहने वाले रिश्तेदारों से गांव जाकर पता लगाने का आग्रह किया था, लेकिन गांव तक पहुंचने का ही साधन नहीं है। अब ईश्वर से प्रार्थना है कि जल्दी से बारिश बंद हो जाए और पानी उतरे।
- प्रभात कुमार चौधरी, मैनेजर लुब्रिकेंट कंपनी, गांव बेरी, जिला दरभंगा।
भाई तो पटना आकर बस गए हैं। गांव में अन्य परिजन रहते हैं। बाढ़ से गांव के लोग कैद होकर रह गए हैं। एक सप्ताह से गांव में बिजली नहीं है। घर के सभी लोगों के मोबाइल स्विच ऑफ हैं। एक ग्रामीण के मोबाइल से हालात का पता करा रहे थे, कल से वह भी बंद है। गांव में घर की जरूरत की चीज भी नहीं मिलती है। पटना से भाई को पहुंचने को कहा गया है, लेकिन गांव तक पहुंचने का कोई साधन नहीं है। परेशानी ज्यादा है।
- मिथिलेश कुमार सिंह, अधिकारी सहारा इंडिया, गांव विष्णुपुर डिहार, जिला समस्तीपुर। परिवार राजधानी पटना के सिटी एरिया में रहता है। पूरी कालोनी का भूतल का एरिया पानी में डूबा है। लोग पहली मंजिल पर शरण लिए हैं। चार दिन से सिटी एरिया में लाइट नहीं थी, आज थोड़ी देर को सप्लाई मिलने की सूचना है। घर वालों से बातचीत तो हुई है, लेकिन हालात अच्छे नहीं हैं।
- राम श्रीवास्तव, मैनेजर-टाटा स्काइ कंपनी।
गांव में बाढ़ आई हुई है। घरों में पानी भरने से ज्यादातर सामान खराब हो गया है। विद्युत पोल गिरने से एक सप्ताह से बिजली नहीं है। घरों में खाने-पीने तक की वस्तुओं तक की सप्लाई में दिक्कत आ रही है। मोबाइल चार्ज न होने से किसी से संपर्क ही नहीं हो पा रहा है। हम संबंधित क्षेत्र के पुलिस स्टेशन और एसडीएम आफिस के साथ ही कंट्रोल रूम से जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।
- राजनारायण सिंह, मैनेजर सहारा ग्रुप, निवासी गांव पंच रुखी, जिला सिवान।