रिहायशी नक्शे पास करवाकर बनाईं व्यावसायिक इमारतें
शहर में रिहायशी नक्शे पास करवाकर व्यवासायिक इमारतें बनाने का खेल चल रहा है। ऐसा करने वाले न केवल नियमों से खिलवाड़ कर रहे हैं बल्कि निगम को आर्थिक चपत लगाने के साथ ही रिहायशी कालोनियों में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित कर लोगों के लिए भी परेशानी का सबब बन रहे हैं।
जागरण संवाददाता, सोनीपत : शहर में रिहायशी नक्शे पास करवाकर व्यवासायिक इमारतें बनाने का खेल चल रहा है। ऐसा करने वाले न केवल नियमों से खिलवाड़ कर रहे हैं, बल्कि निगम को आर्थिक चपत लगाने के साथ ही रिहायशी कालोनियों में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित कर लोगों के लिए भी परेशानी का सबब बन रहे हैं। नगर निगम के सर्वे में एटलस रोड पर ही आधा दर्जन से ज्यादा ऐसी इमारत बन रही हैं जिनका नक्शा रिहायशी पास करवाया गया था लेकिन अब वहां पर व्यावसायिक इमारतें बनाई जा रही हैं। वहीं, शहर के अन्य हिस्सों में भी ऐसी इमारतें बन रही हैं। नगर निगम ने ऐसी ही कई इमारतों का निर्माण रुकवाया है। जल्द ही इमारत सील की जाएंगी।
निगम के सर्वे में सामने आया है कि कई लोगों ने रिहायशी क्षेत्र में नक्शा तो रिहायशी इमारत का पास करवाया है, लेकिन मौके पर व्यावसायिक भवन बनाए जा रहे हैं। इससे निगम को न केवल आर्थिक चपत लग रही है, बल्कि नियम की भी धज्जियां उड़ रही हैं। जांच में एटलस रोड के पास स्थित एमसी कालोनी में कुलदीप के नाम से रिहायशी नक्शा पास करवाया गया था। जब टीम मौके पर पहुंची तो वहां व्यावसायिक भवन का निर्माण होता मिला, जिसे रुकवा दिया गया। वहीं, ककरोई चौक पर राजीव गोयल नाम के व्यक्ति ने रिहायशी नक्शा पास करवाया था। वहां भी व्यावसायिक भवन का निर्माण चल रहा है। इसी तरफ निगम ने आइटीआइ चौक के पास राकेश कुकरेजा नाम के व्यक्ति का रिहायशी नक्शा पास किया था, वहां पर अब व्यावसायिक निर्माण हो रहा है। इसे भी नगर निगम की टीम ने रुकवा दिया है। वहीं, शहर में 40 से ज्यादा अवैध निर्माण चिह्नित किए गए हैं, जिनको सील करने की तैयारी की जा रही है।
जांच में सामने आया है कि एमसी कालोनी, आइटीआइ चौक व ककरोई रोड पर रिहायशी नक्शा पास करवा कर व्यावसायिक इमारतें बनाई जा रही हैं। उनका निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है। जल्द ही नोटिस देकर इमारतें सील की जाएंगी।
- देवेंद्र खासा, एसडीओ, नगर निगम