यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 21, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
घरेलू कलह के चलते जेठ ने की थी भाभी की हत्या, गिरफ्तार
शहर में रोहतक रोड स्थित चोपड़ा कॉलोनी में महिला नीलम की घर पर ही तेजधार हथियार से हमला कर हत्या ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, गोहाना : शहर में रोहतक रोड स्थित चोपड़ा कॉलोनी में महिला नीलम की घर पर ही तेजधार हथियार से हमला कर हत्या करने की घटना में शहर थाना पुलिस ने उसके जेठ राजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपित को शनिवार को अदालत में पेश करेगी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घरेलू कलह के चलते ही राजेंद्र ने नीलम की हत्या की थी।
मूलरूप से गांव लाठ निवासी दिवंगत बिजेंद्र सिंह की पत्नी नीलम अपने बच्चों के साथ कई साल से शहर में चोपड़ा कॉलोनी में रहती थी। नीलम और उसके जेठ राजेंद्र में कई माह से घरेलू कलह चल रही थी। बुधवार शाम को राजेंद्र चोपड़ा कॉलोनी में नीलम के घर पहुंचा। रात के समय नीलम का एक बेटा वरुण अपनी पत्नी के साथ अपने कमरे में जाकर सो गया था, जबकि दूसरा बेटा सोनू अपने दोस्त की जन्मदिन पार्टी में गया था। रात करीब 10 बजे नीलम और राजेंद्र में कहासुनी हो गई। इसके बाद राजेंद्र ने तेजधार हथियार से हमला कर नीलम की हत्या कर दी और रात को ही अपने गांव लाठ चला गया। सोनू रात को करीब एक बजे घर आया तो उसकी मां नीलम कमरे में फर्श पर खून से लथपथ पड़ी थी। बृहस्पतिवार को शहर थाना पुलिस ने नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया। वरुण ने अपने ताऊ राजेंद्र पर उसकी मां की हत्या की आशंका जताई थी। शुक्रवार शाम को पुलिस ने गांव लाठ से राजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि नीलम के पति बिजेंद्र की करीब 13 साल पहले हत्या कर दी गई थी। तब बिजेंद्र के बच्चे छोटे थे। राजेंद्र अपने भाई के बच्चों की देखभाल के लिए अकसर उनके घर आता था। नीलम की हत्या की घटना में उसके जेठ गांव लाठ निवासी राजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने बताया कि घरेलू कलह के चलते उसने नीलम की हत्या की। शनिवार को आरोपित को अदालत में पेश किया जाएगा। आरोपित से घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किया जाएगा।
- महिपाल सिंह, प्रभारी, शहर थाना गोहाना।
