देशभर में विश्वासघात दिवस की तैयारियां की तेज
संयुक्त किसान मोर्चा 31 जनवरी को देशभर में विश्वासघात दिवस मनाएगा। इन दिन जिला और तहसील स्तर पर रोष प्रदर्शन किए जाएंगे। संयुक्त किसान मोर्चा समन्वय समिति की शुक्रवार को आनलाइन बैठक के बाद वरिष्ठ सदस्य डा. दर्शनपाल ने इसकी जानकारी दी।
जागरण संवाददाता, सोनीपत : संयुक्त किसान मोर्चा 31 जनवरी को देशभर में विश्वासघात दिवस मनाएगा। इन दिन जिला और तहसील स्तर पर रोष प्रदर्शन किए जाएंगे। संयुक्त किसान मोर्चा समन्वय समिति की शुक्रवार को आनलाइन बैठक के बाद वरिष्ठ सदस्य डा. दर्शनपाल ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ हुए धोखे का विरोध करने के लिए मोर्चा ने 15 जनवरी की अपनी बैठक में उपरोक्त फैसला लिया था। इन प्रदर्शनों में केंद्र सरकार के नाम ज्ञापन भी दिया जाएगा। आज मोर्चा की समन्वय समिति की बैठक में इसकी तैयारियों की समीक्षा की गई। डा. दर्शनपाल ने कहा कि 15 जनवरी के फैसले के बाद भी सरकार ने नौ दिसंबर के अपने पत्र में किया कोई वादा पूरा नहीं किया है। एमएसपी के मुद्दे पर सरकार ने कमेटी के गठन की कोई घोषणा नहीं की है। तीन फरवरी से मिशन यूपी के नए दौर की शुरुआत :
मोर्चा के वरिष्ठ नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने स्पष्ट किया कि मिशन उत्तर प्रदेश जारी रहेगा। इसके जरिए सरकार को सबक सिखाया जाएगा। तीन फरवरी को एक प्रेस कांफ्रेंस के जरिए मिशन उत्तर प्रदेश के नए दौर की शुरुआत होगी। इसके तहत संयुक्त किसान मोर्चा के सभी संगठनों द्वारा पूरे प्रदेश में साहित्य वितरण, प्रेस कांफ्रेंस इंटरनेट मीडिया और सार्वजनिक सभा के माध्यम से सरकार की मुखालफत की जाएगी। मोर्चा का नाम इस्तेमाल करने पर होगी कार्रवाई :
पंजाब और अन्य राज्यों के चुनाव के बारे में संयुक्त किसान मोर्चा ने दोबारा स्पष्ट किया कि मोर्चा का नाम, बैनर या मंच का इस्तेमाल किसी राजनैतिक दल या उम्मीदवार द्वारा नहीं किया जाएगा। ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।