CM मनोहर लाल का बड़ा बयान, दुष्यंत की पार्टी JJP के साथ गठबंधन कर लड़ेंगे बरोदा उपचुनाव
Baroda Assembly by Election 2020 मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने कहा कि उनकी गठबंधन की सरकार है और गठबंधन में ही बेहतर तरीके से चुनाव लड़ा जाएगा।
सोनीपत [संजय निधि]। Baroda Assembly by Election 2020: सोनीपत की बरोदा विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शनिवार बड़ा बयान दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी गठबंधन की सरकार है और गठबंधन में ही बेहतर तरीके से चुनाव लड़ा जाएगा। बरोदा विधानसभा उपचुनाव को लेकर दौरे की बात करने पर उन्होंने कहा कि वे पूरे हरियाणा में आना-जाना करते हैं और बरोदा भी हरियाणा में है। वहां भी जाना होता है। इससे लोगों की समस्या देखता हूं, समाधान का प्रयास किया जाता है। लोगों से बातचीत कर जानकारी मिलती है कि वे सरकार के बारे में क्या सोचते हैं। जहां तक बरोदा उपचुनाव की बात है तो जब चुनाव आएगा तो उसे भी मजबूती के साथ लड़ा जाएगा। यह अहम बयान उन्होंंने सोनीपत में खानपुर स्थित महिला मेडिकल कॉलेज के कोविड अस्पताल के दौरे के दौरान दिया। बता दें कि यहां से कांग्रेस के विधायक श्रीकृष्ण हुड्डा का निधन होने से आगामी कुछ महीनों में उपचुनाव होना है। हरियाणा राज्य बनने के बाद जाट बाहुल बरोदा विधानसभा क्षेत्र में कभी उपचुनाव नहीं हुआ।
शनिवार यहां पहुंचे मुख्यमंत्री ने यहां की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक भी की। यहां पहुंचने पर सबसे पहले उन्होंने जिला के गन्नौर खंड के चार, गोहाना खंड के तीन, मुंडलाना के दो व सोनीपत, खरखौदा और राई खंड में निर्मित एक-एक व्यायामशालाओं का उद्घाटन भी किया।
व्यायामशालाओं का उद्घाटन के दौरान पत्रकारों के पूछने पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पूरे प्रदेश में एक हजार से अधिक व्यायामशाला बनाने का जो लक्ष्य रखा है, उसमें आधे से ज्यादा बन चुके हैं। यहां योग शिक्षक भी रखे जा रहे हैं, ताकि आज की आवश्यकता के अनुसार लोगों के स्वास्थ्य का बेहतर ख्याल रखा जा सके। इसके साथ ही वेलनेस सेंटर भी बनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री मनोहर हाल ने कहा कि कुल मिला कर प्रदेश सरकार लोगों के स्वास्थ्य के प्रति संवदेनशील है। लोग भी अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हैं। आयुर्वेद, योग को लोगों ने अपनाया है और इसके जरिये लोग खुद को फिट रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये व्यायामशाला और वेलनेस सेंटर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करेंगे और उन्हें स्वस्थ रखेंगे।