सोनीपत के युवक की कनाडा में गोली मारकर हत्या, परिजनों को मिला मौत का मेल
शहर के सेक्टर-12 के रहने वाले एक युवक की कनाडा में गोली मार कर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक के भाई को कनाडा पुलिस की ओर से मेल मिला है। मामले का जानकारी मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। स्वजन ने प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री ने न्याय की गुहार लगा बेटे के शव को भारत जल्द पहुंचवाने की मांग की है।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। शहर के सेक्टर-12 के रहने वाले एक युवक की कनाडा में गोली मार कर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक के भाई को कनाडा पुलिस की ओर से मेल मिला है। मामले का जानकारी मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।
स्वजन मामले को लेकर चिराग के दोस्तों के संपर्क में हैं। स्वजन ने प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री ने न्याय की गुहार लगा बेटे के शव को भारत जल्द पहुंचवाने की मांग की है।
सितंबर, 2022 में पढ़ाई करने गए कनाडा
सेक्टर-12 के रहने वाले रोमित आंतिल ने बताया कि उनके भाई चिराग आंतिल सितंबर, 2022 में कनाडा के वैंकूवर शहर में एमबीए की पढ़ाई करने गए थे। वह फिलहाल एमबीए करने के बाद वर्क वीजा पर एक सिक्योरिटी कंपनी में काम करते थे।
मेल में क्या लिखा?
उन्हें वैंकूवर पुलिस ने मेल से जानकारी दी है कि आपके भाई चिराग आंतिल की वैंकूवर समय अनुसार रात करीब 11 बजे हत्या कर दी गई है। हम अपनी जांच के शुरुआती दौर में हैं और यह नहीं जानते कि आपके भाई की हत्या किसने की। हम सबूत जुटाएंगे और अगले सप्ताह शव का परीक्षण किया जाएगा। उसके बाद शव को छोड़ दिया जाएगा। उस पर आप उसे भारत पहुंचाने की व्यवस्था कर सकते हैं।
रोमित ने बताया कि उन्होंने तुरंत कनाडा में चिराग के दोस्तों से संपर्क किया था। उन्होंने वारदात की जानकारी तो दी, लेकिन ज्यादा जानकारी होने से मना कर दिया।
कनाडा पुलिस से फोन पर हुई बातचीत
वहीं चिराग के मामा ने भी बताया कि उनकी कनाडा पुलिसकर्मी से बात हुई है, वो हमें कुछ साफ तौर पर नहीं बता रहे हैं, लेकिन हम लगातार उसके दोस्तों के संपर्क में हैं। उनको भी कनाडा पुलिस कुछ भी नहीं बता रही।