विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 27, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Sonipat: चल रही थी सगाई और पहुंचे कुछ युवक, दो बहनों को अगवा करने की कोशिश; धार्मिक स्थल से पथराव के बाद तनाव

By Jagran NewsEdited By: Pooja Tripathi
Published: Tue, 27 Jun 2023 09:56 AM (GMT+05:30)Updated: Tue, 27 Jun 2023 07:56 PM (GMT+05:30)

शहर की खान कॉलोनी में दो युवकों ने बहनों को अगवा करने का प्रयास किया। लड़की की रिंग सेरेमनी के ...और पढ़ें

सोनीपत में खान कॉलोनी में फैला तनाव। जागरण
सोनीपत में खान कॉलोनी में फैला तनाव। जागरण

सोनीपत [नंद किशोर भारद्वाज]। शहर की खान कॉलोनी में दो युवकों ने बहनों को अगवा करने का प्रयास किया। लड़की की रिंग सेरेमनी के दौरान परिवार के होने वाले दामाद को अश्लील मैसेज भेजकर कहा कि ये लड़की के हैं। दोनों ने लड़की से शादी नहीं करने को कहा। जब लड़की के स्वजन शिकायत लेकर आरोपितों के घर जा रहे थे तो आरोपितों ने 20-22 साथियों के साथ उनसे मारपीट की।

इसी दौरान कुछ युवकों ने धार्मिक स्थल की छत से पथराव कर दिया। इसमें चार लोग घायल हो गए, जिनमें से दो को पीजीआई में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके मुख्य आरोपित सोहिल को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं कॉलोनी में पुलिस तैनात कर दी है।

पुलिस के अनुसार, दिल्ली रोड किनारे बसी खान कॉलोनी के दो युवकों के उत्पात से दो पक्षों में तनाव है। पुलिस-प्रशासन से बेखौफ युवकों ने रेडक्रॉस में तैनात महिला की बेटियों को अगवा करने का प्रयास किया। खान कॉलोनी में रहने वाले परिवार का मुखिया रसोई गैस सिलेंडर सप्लाई का काम करता है। उनकी पत्नी रेडक्रास में कर्मचारी है। उनकी एक बेटी 14 साल, दूसरी 18 साल और बेटा 16 साल का है।

आरोप है कि उनकी बेटियों को कॉलोनी के रहने वाले सोहिल और शाहिद काफी समय से परेशान करते थे। दोनों गली में आते-जाते परेशान करते और अश्लील फब्तियां कसते थे। करीब दो महीने पहले जब लड़कियों ने स्वजन को बताया तो दोनों युवकों ने गलती स्वीकारते हुए भविष्य में ऐसा नहीं करने का भरोसा दिया था।

अब परिवार की बड़ी बेटी का रिश्ता दिल्ली के नरेला के रहने वाले युवक से तय हुआ था। रविवार को रिंग सेरेमनी थी। आरोप है कि उससे पहले सोहिल और शाहिद ने नरेला के युवक को कुछ अश्लील मैसेज भेजे। उन मैसेज को लड़की द्वारा भेजे हुए बताते हुए उनसे शादी न करने को कहा। दोनों ने रिश्ता तुड़वाने का प्रयास किया। रविवार को रिंग सेरेमनी का आयोजन होने लगा।

रिंग सेरेमनी में पहुंचकर युवक से शादी न करने को चेताया

लड़की के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रिंग सेरेमनी के दिन सोहिल और शाहिद उनके घर के पास पहुंच गए और उनके होने वाले दामाद को शादी नहीं करने की चेतावनी दी। उन्होंने लड़की से किसी अन्य की शादी नहीं होने देने की धमकी दी।

आरोप है कि उन्होंने घर में लड़कियों के पास तक पहुंचने का प्रयास किया। दोनों ने लड़की के भाई से मारपीट की। परिवार के लोगों के विरोध पर वह अगवा करने की धमकी देकर आ गए।

रिश्तेदारों के चले जाने के बाद परिवार के लोग आरोपितों को शिकायत करने घर जा रहे थे। दोनों युवक उनको धार्मिक स्थल के मोड़ पर मिल गए। उनके साथ 20-22 अन्य युवक भी थे। शिकायत करने पर आरोपितों ने लोगों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान दर्जनभर युवक धार्मिक स्थल की छत पर चढ़ गए।

आरोप है कि छत से गली में मौजूद लोगों पर ईंटें बरसाई गईं। इसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उनमें से दो को पीजीआई में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत पर सोहिल व शहिद व 20 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया है।

पुलिस ने मस्जिद पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है। तनाव के बाद मस्जिद के पास पुलिस तैनात कर दी गई है। मस्जिद के इमाम मोहम्मद सलीम ने खुद को बचाते हुए बताया कि घटना के समय वह बाहर था। उन्होंने बताया कि फुटेज में झगड़े के दौरान कुछ युवक सीढ़ियों से छत की ओर जाते दिख रहे हैं।

रिंग सेरेमनी के दौरान आयोजन में विघ्न डालने का प्रयास किया गया। उसके बाद लड़की पक्ष पर मस्जिद के पास पथराव किया गया है, जिसमें कुछ लोग घायल हुए हैं। रिपोर्ट दर्ज कर करके घटनास्थल की सीसीटीवी फुटेज लेकर जांच की जा रही है। मस्जिद की छत से पथराव की जानकारी फुटेज देखने के बाद ही हो सकेगी। यह मामला दो पक्षों के विवाद का है, न कि दो संप्रदायों का। - इंस्पेक्टर संदीप कुमार, एसएचओ, थाना सिविल लाइन।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।