Sonipat Murder: पांच साल बाद प्रेम कहानी का खौफनाक अंत, पत्नी के चरित्र पर शक के चलते पति ने कर दी हत्या
Sonipat Murder News गोहाना में खटीक बस्ती में विवाहिता की उसके पति ने तेजधार हथियार से हमला करके हत्या कर दी गई। पति उसके चरित्र पर शक करता था। सास जब गोहाना में रैली में गई तो वारदात को अंजाम दिया। सास घर लौटी तो उसे वारदात का पता चला।
सोनीपत, जागरण संवाददाता। गोहाना में खटीक बस्ती में विवाहिता की उसके पति ने तेजधार हथियार से हमला करके हत्या कर दी गई। पति उसके चरित्र पर शक करता था। सास जब गोहाना में रैली में गई तो वारदात को अंजाम दिया। सास घर लौटी तो उसे वारदात का पता चला।
महिला के लहूलुहान हालात में मिलने पर स्वजन और पड़ोसी उसे बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कालेज के अस्पताल लेकर गए। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया।
फैक्ट्री में हुई थी दोनों की मुलाकात
खटीक बस्ती के शिक्षा ने पुलिस को बताया कि उसका लड़का आशकरण उर्फ बिट्टू लगभग पांच साल पहले कुंडली में एक फैक्ट्री में काम करता था। वहां पर उसने उत्तरप्रदेश में फैजाबाद की रुकिया उर्फ पूजा से शादी की थी। पूजा भी फैक्ट्री में काम करती थी। उनका दो वर्ष का बेटा कार्तिक है। दोनों लगभग एक सप्ताह पहले गोहाना में अपने घर आए थे।
शराब का आदी है आरोपी पति
बिट्टू शराब पीने का आदी है और वह अपनी पत्नी पूजा के चरित्र पर शक करता है। बिट्टू ने रविवार सुबह ही शराब पीनी शुरू कर दी थी। वह बिट्टू और पूजा को घर पर छोड़कर गोहाना में सब्जी मंडी में भाजपा की रैली में चली गई थी। रात को जब वह घर वापस आई तो पूजा घर में चारपाई पर लहूलुहान पड़ी थी।
उसके शोर मचाने पर पड़ोसी पहुंचे और पूजा को बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कालेज के अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। शिक्षा ने पुलिस को बताया कि किसी के बहकावे में आकर बिट्टू ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है।
शहर थाना गोहाना की पुलिस सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची। उसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।