Move to Jagran APP

Coronavirus: सोनीपत में सर्वे करने गई स्वास्थ्य विभाग की महिला कर्मचारियों से बदसलूकी

Coronavirus स्वास्थ्य विभाग की महिला कर्मियों के साथ छेड़छाड़ करने वाले चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

By Mangal YadavEdited By: Published: Fri, 17 Apr 2020 02:02 PM (IST)Updated: Fri, 17 Apr 2020 03:28 PM (IST)
Coronavirus: सोनीपत में सर्वे करने गई स्वास्थ्य विभाग की महिला कर्मचारियों से बदसलूकी

सोनीपत [संजय निधि]। दिल्ली से सटे हरियाणा के सोनीपत में स्वास्थ्य विभाग की महिला कर्मियों के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। शहर के राजेंद्र नगर में स्वास्थ्य विभाग की महिला कर्मियों के साथ छेड़छाड़ करने वाले चार युवकों को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। इसके लिए डीएसपी ने दो थानों की पुलिस के साथ घेराबंदी की, तब जाकर आरोपित पकड़ में आ सके।

loksabha election banner

स्वास्थ्य विभाग की टीम कालोनियों में जाकर स्वास्थ्य सर्वे कर रही हैं। इस क्रम में एक टीम बृहस्पतिवार शाम को राजेंद्र नगर गई थी। शाम को वहां से लौटते समय कुछ युवकों ने टीम की आशा व एएनएम कर्मियों के साथ बदसलूकी की थी। उनके दुपट्टे खींच लिए और अश्लीलता की। इसकी सूचना पुलिस को दी गई थी।

दो आरोपित फरार होने में कामयाब

शुक्रवार को डीएसपी डॉ. रविंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गीता भवन चौक पर लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली की स्वास्थ्य विभाग की टीम से छेड़छाड़ करने वाले युवक कालोनी में एक स्थान पर शराब पी रहे हैं। इसके चलते सिटी थाना पुलिस और महिला थाना पुलिस को साथ घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपित भाग निकले। पुलिस ने गलियों में उनका पीछा किया। दूसरी पुलिस टीम ने गलियों को पहले ही घेर लिया था। घेराबंदी में चार युवकों को दबोच लिया गया, जबकि उनको दो साथ भाग निकले। आरोपितों से सिटी थाने में पूछताछ की जा रही है।

मादक पदार्थ तस्कर के परिजनों ने पुलिस टीम से की हाथापाई

उधर गोहाना में पुलिस ने एक व्यक्ति द्वारा मादक पदार्थ की तस्करी करने की सूचना मिलने पर दबिश दी। पुलिस की टीम जब मौके पर पहुंची तो परिजनों ने पुलिस की टीम से हाथापाई की। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। एएसआइ वेदपाल ने बताया कि वह अपनी टीम के साथ रोहतक रोड पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि आर्य नगर का गजे सिंह गांजा पत्ती बेचता है। वह गली में घूम रहा है और उसके पास लगातार लोग आ-जा रहे हैं। पुलिस की टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां कई महिलाएं खड़ी थीं। पुलिस को देखकर गजे सिंह भागने लगा। पुलिस उसे पकड़ने लगी तो गली में खड़ी महिलाएं व एक युवक बीच में आ गए। वे पुलिस कर्मचारियों से हाथापाई करने लगे।

इसी बीच भागते हुए गजे सिंह ने कहा कि पुलिस को उसके पीछे नहीं आने देना। चार-पांच महिलाएं व एक व्यक्ति और मौके पर आ गए। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों से हाथापाई कर गजे सिंह को भगाने में मदद की। पुलिस ने मौके से गजे सिंह के पौत्र राहुल के साथ गजे सिंह की पत्नी केला देवी व पुत्री कविता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गजे सिंह व अन्य के खिलाफ पुलिस के काम में बाधा पहुंचाने व लॉकडाउन तोड़ने के आरोप में मामला दर्ज किया। गिरफ्तार आरोपितों को जमानत पर छोड़ दिया गया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.