यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 30, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जानिये- कौन हैं सोनीपत नगर निगम के नए मेयर निखिल मदान, भाजपा-JJP प्रत्याशी को चटाई धूल
निखिल मदान हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के नजदीकियों में शामिल थे।जब भी ...और पढ़ें

सोनीपत [नंदकिशोर भारद्वाज]। Sonipat Municipal Corporation Election Result: सोनीपत नगर निगम चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी निखिल मदान ने पार्टी आलाकमान की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए बड़ी जीत हासिल की है। निखिल मदान ने अपने प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार ललित बत्रा को 13000 से ज्यादा वोटों से मात देते हुए मेयर पद हथिया लिया है। 31 वर्षीय निखिल मदान मेयर बनने का सपना लेकर पिछले एक साल से सक्रिय राजनीति में उतरे थे। एक साल पहले शहर की समस्याओं को लेकर लोगों के बीच जाना, उन्हें अपने स्तर पर हल कराने का प्रयास करना, सामाजिक कार्यों में रुचि लेना उनकी प्राथमिकताए थीं। एक साल से तो निखिल मदान ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी थी। लोगों के बीच जा रहे थे। बिजली, सीवर और अन्य समस्याओं को लेकर वे रोजाना लोगों के बीच जा रहे थे। इस दौरान उन्होंने लोगों की बीच अपनी जगह भी बनाई।
टीम दीपेंद्र में थे शामिल
निखिल मदान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के नजदीकियों में शामिल थे।जब भी भूपेंद्र सिंह हुड्डा या दीपेंद्र सोनीपत में आते थे निखिल उनका स्वागत करने वालों में सबसे आगे होते थे। वे टीम दीपेंद्र के सक्रिय सदस्य थे।चुनाव में इसका लाभ मिला।
लाकडाउन में की गरीबों की सेवा
निखिल मदान ने लाकडाउन में खाना वितरण से लेकर गरीबों की खूब सेवा की। भोजन के लिए उनकी गाड़ी रोजाना विभिन्न कालोनियों में चक्कर लगाकर लोगों को खाना बांटती थी। गर्मी में वे प्याऊ सेवा, सीवर सफाई के लिए टैंकर सेवा चलाते थे।
