विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाले गोहाना के आरोपित की उम्र जांचेगी मुंबई पुलिस, खंगाले जाएंगे स्कूल रिकॉर्ड

Published: Thu, 12 Nov 2026 11:08 AM (IST)Updated: Thu, 12 Nov 2026 11:22 AM (IST)

मुंबई पुलिस टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग मामले में गोहाना के एक आरोपित के नाबालिग होने के दावे की ...और पढ़ें

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस की जांच एक बार फिर गोहाना के गांव बरोदा तक जा पहुंची है।

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस की जांच एक बार फिर गोहाना के गांव बरोदा तक जा पहुंची है।

HighLights

  1. मुंबई पुलिस गोहाना के आरोपित की उम्र की जांच करेगी।

  2. नाबालिग होने के दावे पर स्कूल और सरकारी रिकॉर्ड खंगाले जाएंगे।

  3. टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में गिरफ्तार आरोपितों की रिमांड बढ़ी।

जागरण संवाददाता, गोहाना (सोनीपत)। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस की जांच एक बार फिर गोहाना के गांव बरोदा तक जा पहुंची है। इस हाई-प्रोफाइल वारदात में शामिल गोहाना क्षेत्र के एक आरोपित के नाबालिग होने के दावे की सच्चाई जानने के लिए मुंबई पुलिस अब उसके जन्म और उम्र से जुड़े दस्तावेज खंगालेगी।

पुलिस आरोपित के स्कूल के रिकॉर्ड और अन्य सरकारी प्रमाण पत्रों के माध्यम से उसकी वास्तविक उम्र की पुष्टि कर अदालत में अपनी रिपोर्ट पेश करेगी। दूसरी ओर, अदालत ने इस मामले में गिरफ्तार पांच आरोपितों की पुलिस रिमांड की अवधि को आगे बढ़ा दिया है।

एक ही स्कूल के सहपाठी हैं दोनों आरोपित

पुलिस जांच के अनुसार, टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर गोलीबारी की इस घटना में गांव बरोदा निवासी अंकित और गोहाना क्षेत्र का एक अन्य युवक शामिल था। दोनों एक ही स्कूल में 12वीं कक्षा के छात्र थे और साथ-साथ पढ़ते थे। जांच में अंकित बालिग पाया गया है, जबकि उसके सहपाठी को नाबालिग बताया जा रहा है। इसी दावे की पुख्ता जांच के लिए पुलिस अब शैक्षणिक संस्थानों से रिकॉर्ड जुटा रही है।

मेला देखने के बहाने घर से निकलकर पहुंचे थे मुंबई

इस पूरी साजिश की शुरुआत 15 सितंबर को हुई थी, जब गांव बरोदा में मेला लगा था। अंकित और उसका नाबालिग सहपाठी परिजनों से मेला देखने जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। गिरोह की पूर्व निर्धारित योजना के तहत दोनों गांव देवडू निवासी रेहान और कुछ अन्य युवकों के साथ मुंबई रवाना हो गए।

वारदात से एक दिन पहले लौट आया था अंकित

मुंबई पहुंचने के बाद 18 अक्टूबर को अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया गया, जिसमें नाबालिग आरोपित, रेहान और अन्य शूटर शामिल थे। हालांकि, अंकित इस गोलीबारी की घटना से ठीक एक दिन पहले ही मुंबई से वापस घर लौट आया था। मुंबई पुलिस इस सनसनीखेज मामले में अब तक कुल 13 आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें से सात आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।